गुरुग्राम के इन सेक्टरों में बनेंगे 20 नए ईवी-चार्जिंग स्टेशन, देखें MCG ने कहां-कहां फाइनल की लोकेशन
गुरुग्राम में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने और प्रदूषण मुक्त शहर की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में ई-वाहन चालकों की सुविधा के लिए अब 20 नए ईवी-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

गुरुग्राम में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने और प्रदूषण मुक्त शहर की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में ई-वाहन चालकों की सुविधा के लिए अब 20 नए ईवी-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
नगर निगम ने इसके लिए सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है और जल्द ही इन्हें संचालित करने के लिए कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) कंपनी के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस पहल से न केवल ई-वाहन चालकों को शहर में हर जगह चार्जिंग की सुविधा मिलेगी, बल्कि नगर निगम के खजाने में सालाना लाखों रुपये की अतिरिक्त आय भी जुड़ेगी।
शहर में फिलहाल दस से अधिक स्थानों पर ही ईवी स्टेशन मौजूद हैं, जबकि वाहनों की संख्या 20 हजार से अधिक हैं। इस कारण ईवी वाहन चालक अपने वाहनों को घरों में ही चार्ज करने को मजबूर हैं। लोगों की इस समस्या को देखते हुए और शहर में वाहनों के कारण बढ़ रहे प्रदूषण की रोकथाम के लिए शहर में 20 जगहों पर ई- चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना बनाई है। ताकि लोग शहर के सामुदायिक भवन, पार्क, मार्केट आदि में जाएं तो जब तक वह वहां रहे तो उनके वाहन आसानी से चार्ज हो सकेंगे।
योजना के अनुसार, नगर निगम गुरुग्राम इन चार्जिंग स्टेशनों के लिए जमीन उपलब्ध करवाएगा। वहीं, इनके संचालन, रखरखाव और तकनीकी प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी सीईएसएल कंपनी की होगी। अगले महीने निगम और कंपनी के बीच होने वाले एमओयू की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल में मील का पत्थर साबित होगा।
इन स्थानों को चिह्नित किया गया
निगम की तरफ से चिह्नित किए गए स्थानों में- सेक्टर-29 मार्केट, सेक्टर-56 मार्केट, सेक्टर-34 मार्बल मार्केट, सेक्टर-15 पार्ट-दो मार्केट, सेक्टर-23ए हूडा मार्केट, सेक्टर-9 मार्केट, सेक्टर-10 मार्केट, सेक्टर-31 मार्केट और सेक्टर-47 मार्केट, सुभाष चंद्र पार्क, डीडीआर चौक, सेक्टर-4 सामुदायिक भवन के सामने, बादशाहपुर सामुदायिक भवन, सेक्टर-47 सामुदायिक भवन और डूंडाहेड़ा सामुदायिक भवन की जगह को चिह्नित किया गया है।
चालकों को राहत मिलेगी
गुरुग्राम में वर्तमान में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आंकड़ों के अनुसार, शहर में फिलहाल 20 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। चार्जिंग स्टेशनों की कमी के कारण अक्सर ई-वाहन चालकों को लंबी दूरी तय करने में परेशानी होती थी। अब प्रमुख मार्केट, सामुदायिक भवनों और पार्कों के पास स्टेशन बनने से लोग आसानी से अपने वाहन चार्ज कर सकेंगे।
प्रदीप दहिया, निगम आयुक्त, गुरुग्राम, ''शहर में 20 जगहों पर ई- चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसको लेकर निजी कंपनी के साथ एमओयू साइन किया जाएगा। इसको लेकर जगहों को चिह्नत कर लिया गया है। अगले माह काम शुरू करवाया जाएगा।''



