दिल्ली में 2 नए एलिवेटेड रोड और एक ओवरब्रिज बनाने पर विचार, इन सड़कों से घटेगा जाम
राजधानी दिल्ली में जाम की बढ़ती समस्या का समाधान करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दो एलिवेटेड रोड और एक ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है।

राजधानी दिल्ली में जाम की बढ़ती समस्या का समाधान करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दो एलिवेटेड रोड और एक ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है।पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि बाहरी दिल्ली के इलाकों को मध्य दिल्ली से जोड़ने के लिए पीडब्ल्यूडी भलस्वा से एनएच-1 तक एक एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर विचार कर रहा है। इस परियोजना का मकसद बाहरी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात का दबाव कम करना है।
इसी तरह पश्चिमी दिल्ली और बाहरी व मध्य दिल्ली के बीच आवागमन सुगम बनाने के लिए जखीरा से आनंद पर्वत औद्योगिक क्षेत्र तक एक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है। वहीं, मुकरबा चौक अंडरपास को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर तक बढ़ाते हुए एक रोड ओवरब्रिज बनाया जाएगा।
दिल्ली में कश्मीरी गेट मोनेस्ट्री मार्केट के पास बनेगा फुटओवर ब्रिज
बता दें कि, दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद से सड़कों से जाम खत्म करने के लिए नई-नई योजनाओं पर विचार चल रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीते गुरुवार को कश्मीरी गेट, आउटर रिंग रोड के पास लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का शिलान्यास किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से लद्दाख बुद्ध विहार और मोनेस्ट्री मार्केट आने-जाने वाले नागरिकों को सुरक्षित रूप से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुगम हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस फुट ओवर ब्रिज का डिजाइन स्थानीय लद्दाखी वास्तुकला को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है ताकि यह संरचना न केवल आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा को भी दर्शा सके। उन्होंने कहा कि पुल में लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में बनने वाला यह फुट ओवर ब्रिज यहां रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके निर्माण से स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और बाजार आने-जाने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राजधानी के हर क्षेत्र में ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे नागरिकों का दैनिक जीवन अधिक सुरक्षित और सुगम बन सके।


