गाजियाबाद में बनेगा 2 KM लंबा नया 4 लेन एलिवेटेड रोड, यहां से गुजरेगा रूट

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद में अगले कुछ वर्षों में जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। इसके लिए जीडीए घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच 2 किलोमीटर लंबा एक 4 लेन एलिवेटेड रोड बनाएगा। जीडीए की बोर्ड की बैठक में इसके लिए प्रशासनिक और वित्तीय सहमति के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई।

GT Road Ghaziabad
गाजियाबाद शहर के बीच से गुजर रही जीटी रोड पर एलिवेटेड रोड बनाने के प्रस्ताव को जीडीए की बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल गई।

गाजियाबाद में घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच चार लेन की दो किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनेगी, जिसके लिए ऋण लिया जाएगा। शुक्रवार को जीडीए बोर्ड बैठक में इसके लिए प्रशासनिक और वित्तीय सहमति के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। अब ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद इस एलिवेटेड का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में जाम की समस्या दूर हो सकेगी।

गाजियाबाद के बीच से जीटी रोड गुजर रहा है। जीटी रोड के किनारे घनी आबादी और बाजार होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस मार्ग पर शहर के स्थानीय यातायात के साथ दिल्ली, बुलंदशहर और अलीगढ़ की ओर से आने जाने वाला यातायात भी गुजरता है। इस कारण घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच एलिवेटेड रोड बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। पिछले दिनों अर्बन चैलेंज फंड से एलिवेटेड रोड के निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की कवायद भी तेज हुई।

एलिवेटेड रोड के ऋण लेने का प्रस्ताव मंजूर

अब जीडीए ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए एलिवेटेड रोड बनाने के लिए ऋण लेने का प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखा, जहां से उसे स्वीकृति मिल गई। ऐसे में अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ऋण लेने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएगा। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि अर्बन चैलेंज फंड के अनुसार, एलिवेटेड रोड के बजट को जुटाया जाएगा ताकि इस प्रोजेक्ट को तेजी से शुरू किया जा सके।

200 करोड़ से अधिक खर्च होगा

अर्बन चैलेंज फंड योजना के अनुसार, 50 फीसदी ऋण या अन्य माध्यम से वित्त पोषण, 25 फीसदी संबंधित विभाग यानी जीडीए और 25 फीसदी अर्बन चैलेंज फंड से वित्त पोषित किया जाना प्रस्तावित है।

इस प्रोजेक्ट पर कुल 200.23 करोड़ रुपये की लागत आएगी। ऐसे में जीडीए 100 करोड़ रुपये ऋण लेगा। जबकि 25 फीसदी यानी 50.23 करोड़ रुपये जीडीए के नगरीय अवस्थापना निधि से खर्च किया जाएगा। इसके अलावा शेष 25 फीसदी हिस्सा केंद्र सरकार से मिलेगा।

जाम से राहत मिलेगी

एलिवेटेड रोड बनने के बाद जीटी रोड पर यातायात का दबाव कम होने और शहर में जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना के तैयार होने से शहर के सबसे सघन और व्यस्त इलाके को पूरी तरह सिग्नल-मुक्त बन सकेगा। दिल्ली, बुलंदशहर और अलीगढ़ की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक तेज मार्ग मिल सकेगा। जीटी रोड पर हर रोज लाखों वाहन गुजरते हैं, जिन्हें लाभ होगा। साथ ही जीटी रोड के किनारे स्थित बाजारों और कॉलोनियों में रहने वाले लाखों लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsगाजियाबाद में बनेगा 2 KM लंबा नया 4 लेन एलिवेटेड रोड, यहां से गुजरेगा रूट