गुरुग्राम में मसानी बैराज पर बनेगी 2 KM लंबी 3 लेन की नई सड़क, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर घटेगा जाम

Mar 06, 2026 07:51 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

गुरुग्राम में एनएचएआई ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात को सुगम करने के लिए एक नई योजना बनाई है। इसके तहत मसानी बैराज पर दिल्ली से जयपुर की तरफ तीन लेन की करीब दो किलोमीटर लंबे एक नए रोड का निर्माण किया जाएगा।

गुरुग्राम में मसानी बैराज पर बनेगी 2 KM लंबी 3 लेन की नई सड़क, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर घटेगा जाम

गुरुग्राम के एक और अच्छी खबर है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात को सुगम करने के लिए एक नई योजना बनाई है। इसके तहत मसानी बैराज पर दिल्ली से जयपुर की तरफ तीन लेन की करीब दो किलोमीटर लंबे एक नए रोड का निर्माण किया जाएगा।

मौजूदा समय में मसानी बैराज के पास जयपुर से दिल्ली की तरफ आने के लिए तीन लेन का हाईवे है। जयपुर की तरफ हाईवे दो लेन का है। सोहना से रेवाड़ी की तरफ आ रहा एनएच 919 भी इस हाईवे पर आकर मिलता है। जयपुर और रेवाड़ी की तरफ जाने वाले वाहन अधिक होने से मसानी बैराज के पास ट्रैफिक जाम लग जाता है। एनएचएआई ने योजना बनाई है कि एक नया रोड शुरू किया जाए। इसको लेकर वन विभाग से करीब 2.199 एकड़ जमीन देने का आग्रह किया गया है।

योगेश तिलक, परियोजना अधिकारी, एनएचएआई, ''दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मसानी बैराज के पास दिल्ली से जयपुर की तरफ तीन लेन की करीब दो किमी लंबी एक नई सड़क बनाने की योजना बनाई गई है। मौजूदा रोड की चौड़ाई कम है। इस वजह से ट्रैफिक जाम लगता है।''

सड़क निर्माण की धीमी गति से दिक्कत

वहीं, गुरुग्राम में ही पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण सोहना-दमदमा मार्ग इन दिनों राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर करीब 5 साल बाद इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन निर्माण की धीमी गति ने लोगों को परेशान कर दिया।

वाहन रेंग-रेंगकर चलने को मजबूर

सड़क निर्माण में बरती जा रही ढिलाई का आलम यह है कि सड़क के दोनों तरफ बिछाई गई रोड़ियां अब उखड़ने लगी हैं। गड्ढों को भरने के लिए इस्तेमाल की गई निर्माण सामग्री वाहनों के टायरों के नीचे दबकर किसी गोली की रफ्तार से उछलती है। इससे न केवल सड़क किनारे स्थित दुकानों और मकानों के शीशे टूटने का खतरा रहता है, बल्कि राहगीरों को गंभीर चोट लगने का भी डर बना रहता है। इस कारण मार्ग पर वाहन रेंग-रेंगकर चलने को मजबूर हैं। सड़क पर उड़ती धूल के कारण लोगों को दिक्कत हो रही। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण दिन भर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं।

लोक निर्माण विभाग सोहना के एसडीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम अब साफ हो गया है, इसलिए सड़क निर्माण कार्य जल्द ही तेजी पकड़ेगा। निर्माण एजेंसी को सख्त हिदायत दी गई है कि कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि असुविधा को दूर किया जा सके।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।