2 सगे भाइयों ने किया 1 करोड़ से अधिक का लोन घोटाला, गिरफ्तार; कैसे किया कांड?
पुलिस जांच में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी सामने आ चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुग्राम निवासी गौरव छाबड़ा और शुभम उर्फ दिव्यांग छाबड़ा के रूप में हुई है।

रजनीश, नई दिल्ली
पूर्वी जिल साइबर पुलिस ने एक बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर दर्जनों निर्दोष लोगों के पैन कार्ड और वोटर आईडी से छेड़छाड़ कर 70 से ज्यादा फर्जी लोन लेने का आरोप है। पुलिस जांच में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी सामने आ चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुग्राम निवासी गौरव छाबड़ा और शुभम उर्फ दिव्यांग छाबड़ा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि ये शातिर मुख्य रूप से 'गौरव' नाम वाले लोगों को ही अपना शिकार बनाते थे।
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी असली व्यक्तियों के पैन और वोटर आईडी नंबर तो वही रखते थे, लेकिन सॉफ्टवेयर के जरिए उनमें फोटो और पिता का नाम बदलकर फर्जी केवाईसी दस्तावेज तैयार कर लेते थे। इन्हीं जाली दस्तावेजों के आधार पर मोबाइल सिम खरीदे जाते और बैंक खाते खोले जाते थे। इसके बाद विभिन्न बैंकों और एनबीएफसी कंपनियों में लोन अप्लाई कर पैसे अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए जाते थे। पुलिस ने अब तक ऐसे लगभग 50 लोगों की पहचान की है, जिनके दस्तावेजों से छेड़छाड़ हुई है।
जानिए कैसे हुआ फर्जीवाड़ा का खुलासा?
इस पूरे गोरखधंधे का खुलासा तब हुआ जब पटपड़गंज निवासी गौरव छाबड़ा नामक एक पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी। पीड़ित को पता चला कि बिना उसकी जानकारी के उसके पैन नंबर पर लगभग 7 लाख रुपये के 30 लोन चल रहे हैं। साथ ही, 47 लाख रुपये के अन्य लोन खातों में उसे फर्जी तरीके से गारंटर बना दिया गया है, जिससे उसका सिबिल स्कोर पूरी तरह बर्बाद हो गया।
भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद
साइबर पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 फर्जी पहचान पत्र, 27 एटीएम/डेबिट कार्ड, 21 चेक बुक, 6 बैंक पासबुक, 11 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस फिलहाल मनी ट्रेल, फर्जीवाड़े में शामिल अन्य सहयोगियों और कुल ठगी की वास्तविक रकम का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।

