काम की बात: दिल्ली में संपत्ति पंजीकरण को 17 नए सब रजिस्ट्रार दफ्तर खुले, देखें पूरी लिस्ट; अब कहां होगा आपका काम

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्लीवालों के लिए एक राहत भरी खबर है। राजधानी में अब संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगने का झंझट खत्म होने वाला है। सरकार ने जनता की सहूलियत के लिए राजधानी में 17 नए सब-रजिस्ट्रार ऑफिस खोल दिए हैं।

Property registry office AI Generated Image
दिल्ली सरकार ने संपत्ति पंजीकरण के लिए राजधानी में 17 नए सब-रजिस्ट्रार दफ्तर खोले। प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली के सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में संपत्ति पंजीकरण के लिए लगने वाली लंबी कतारें जल्द छोटी होने लगेंगी। दिल्ली सरकार ने इसके लिए राजधानी में सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों की संख्या को 22 से बढ़ाकर 39 कर दिया है। इससे रजिस्ट्रार कार्यालयों के क्षेत्र में भी परिवर्तन हुआ है।

उपराज्यपाल से मंजूरी मिलने के बाद इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। दिल्ली में अब कुल 13 जिलों में 39 एसडीएम के साथ 39 सब-रजिस्ट्रार तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर इन 39 कार्यालयों में सब-रजिस्ट्रार की तैनाती भी कर दी गई है। इनके खुलने से मौजूदा कार्यालयों पर बोझ 30 से 40 फीसदी तक कम होगा।

दिल्ली में कुल 22 सब-रजिस्ट्रार कार्यालय थे। दिल्ली में नए जिलों के गठने के साथ सब डिवीजनों का भी पुनर्गठन किया गया था। दिल्ली के 13 जिलों में कुल 39 एसडीएम तैनात हैं। इन्हीं क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक एसडीएम क्षेत्र पर एक सब रजिस्ट्रार तैनात करने का प्रस्ताव उपराज्यपाल के पास भेजा था। इसे मंजूरी मिलने के साथ गुरुवार को सभी 39 सब रजिस्ट्रारों की तैनाती के आदेश जारी हो गए हैं। इस प्रक्रिया के अंतर्गत कुछ अधिकारियों को सब-रजिस्ट्रार के पद पर बनाए रखा गया, जबकि अन्य अधिकारियों को उनके वर्तमान कार्यभार से स्थानांतरित कर सब-रजिस्ट्रार के रूप में नियुक्त किया गया है।

सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों की संख्या बढ़ने के साथ अब संपत्ति पंजीकरण से जुड़े नए अपॉइंटमेंट नए कार्यालय क्षेत्र के अनुसार ही मिलेंगे। हालांकि, जिन लोगों ने पूर्व में इससे संबंधित अप्वाइंटमेंट ले रखा है उनका कार्य उसी निर्धारित कार्यालय में ही होगा।

बेहतर होगा सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में कामकाज

दिल्ली सरकार द्वारा सब-रजिस्ट्रार के 39 पद अधिसूचित किए जाने के बाद अब सभी 13 राजस्व जिलों के अंतर्गत आने वाले 39 सब-डिवीजनों में इन पदों को भर दिया गया है। इससे सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। सब-रजिस्ट्रार कार्यालय आम लोगों से सीधे जुड़े महत्वपूर्ण राजस्व एवं पंजीकरण संबंधी कार्यों से संबंधित होते हैं।

पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया पर जोर

दिल्ली सरकार ने पहली बार सब-रजिस्ट्रारों की तैनाती में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित यादृच्छिक चयन प्रक्रिया (रेंडमाइजेशन) को अपनाया है। इसका उद्देश्य अधिकारियों की तैनाती प्रक्रिया को एक स्पष्ट, पारदर्शी और निष्पक्ष प्रणाली के तहत पूरा करना है। इस प्रक्रिया में निर्धारित मानदंडों को पूरा करने वाले अधिकारियों के समूह से तकनीक की सहायता से चयन किया गया।

जिलाें के अनुसार सब रजिस्ट्रार कार्यालय

जिला :- उप मंडल (सब रजिस्ट्रार)

दक्षिण पूर्व :- जंगपुरा, कालकाजी, बदरपुर

पुरानी दिल्ली :- सदर बाजार, चांदनी चौक

उत्तर :- बुराड़ी, आदर्श नगर, बादली

नई दिल्ली :- दिल्ली कैंट, नई दिल्ली

सेंट्रल :- पटेल नगर, करोल बाग

मध्य उत्तर : शकूर बस्ती, शालीमार बाग, मॉडल टाउन

दक्षिण पश्चिम :- नजफगढ़, मटियाला, द्वारका, बिजवासन

बाहरी-उत्तर :- मुंडका, नरेला, बवाना

उत्तर-पश्चिम :- किराड़ी, नांगलोई जाट, रोहिणी

उत्तर-पूर्व :- करावल नगर, गोकुलपुर, यमुना विहार, शाहदरा

पूर्व :- गांधी नगर, विश्वास नगर, पटपड़गंज

दक्षिण :- छतरपुर, मालवीय नगर, देवली, महरौली

पश्चिम :- विकासपुरी, जनकपुरी, राजौरी गार्डन

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , Delhi Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में संपत्ति पंजीकरण को 17 नए सब रजिस्ट्रार दफ्तर खुले, देखें पूरी लिस्ट