
17 फैक्टरी सील, बिजली कनेक्शन भी काटे; प्रदूषण फैलाने पर कड़ी कार्रवाई
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की कृष्णा विहार फेज तीन और हंस गार्डन में स्थानीय प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विद्युत निगम एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शनिवार को प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरी पर कार्रवाई की।
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की कृष्णा विहार फेज तीन और हंस गार्डन में स्थानीय प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विद्युत निगम एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शनिवार को प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरी पर कार्रवाई की। टीम ने क्षेत्र में चल रही 17 फैक्टरी को सील कर बिजली कनेक्शन काट दिए।
क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण के चलते प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। स्थापनी प्रशासन ने शनिवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विद्युत निगम और नगर पालिका की संयुक्त टीम के साथ लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की कृष्णा विहार फेज तीन में धातु गला कर सिल्ली बनाने वाली 12 फैक्ट्रियों को सील किया। कार्रवाई के दौरान प्रदूषण फैलाने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।
विद्युत निगम की टीम ने फैक्टरियों के कनेक्शन काट दिए। इसके बाद टीम ने हंस गार्डन कॉलोनी में जल प्रदूषण फैलाने वाली जींस रंगाई की फैक्टरियों पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान टीम ने पांच फैक्टरी सील कर उनके विद्युत कनेक्शन काट दिए। अधिकारियों ने प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कहीं है।
नायाब तहसीलदार लीलू सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के कुछ इलाकों में मेटल ढलाई की अवैध फैक्ट्रियों के चलने से प्रदूषण की शिकायतें मिल रही थीं। इन फैक्टरियों से सीधे वायुमंडल में धुआं और केमिकल फैलाया जा रहा था। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अधिकारियों के निर्देश पर वायु प्रदूषण पर काबू पाने के लिए टीम ने कार्रवाई कर धातुओं को गलाने वाली, रंगाई और रासायनिक फैक्टरियों को बंद कराया है।
अधिकारियों का कहना है कि प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है। उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पिछले कुछ समय से हवा दमघोंटू बनी हुई है।

लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।




