काम की बात: 15 KM रूट, 14 स्टेशन; ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के सेकेंड फेज को हरी झंडी, देखें कहां-कहां होंगे स्टॉप

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

Old Gurugram Metro Update : हरियाणा सरकार ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के सेकेंड फेज को मंजूरी प्रदान कर दी। 15.3 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 14 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस पर 1662 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। 

Old Gurugram Metro project update
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट अपडेट

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण के टेंडर को हरियाणा सरकार ने बुधवार को मंजूरी दे दी। उम्मीद है कि अगले सप्ताह में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) इस टेंडर को जारी कर देगा। दूसरे चरण की मेट्रो परियोजना के निर्माण में करीब 1662 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मेट्रो के इस दूसरे चरण के तहत सेक्टर-9 से दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित डीएलएफ साइबर सिटी तक करीब 15.3 किलोमीटर लंबा मेट्रो मार्ग तैयार होना है।

सेकेंड फेज में यहां बनेंगे स्टेशन

सेकेंड फेज में सेक्टर-7, सेक्टर-4, सेक्टर-5, रेलवे स्टेशन, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, सेक्टर-21, उद्योग विहार फेज-एक और डीएलएफ साइबर सिटी में मेट्रो स्टेशन बनेंगे। सेक्टर-5 से शीतला माता रोड पर अंडरपास, बजघेड़ा रोड और सुशील ऐमा मार्ग से ओल्ड दिल्ली रोड की तरफ डबल डेकर मेट्रो होगी। मेट्रो के नीचे फ्लाईओवर का निर्माण होगा। बता दें कि, ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत 30.5 किलोमीटर लंबा मेट्रो मार्ग तैयार होना है। इसके तहत 28 मेट्रो स्टेशन बनने हैं। पहले चरण के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, यूनिटैक साइबर पार्क, सेक्टर-37, सेक्टर-101, सेक्टर-नौ समेत अन्य मेट्रो स्टेशन का निर्माण होना है।

अब तक पहले चरण का 15 फीसदी काम ही पूरा

जीएमआरएल ने मेट्रो परियोजना के पहले चरण के तहत मेट्रो का निर्माण दो कंपनियों दलीप बिल्डकॉन लिमिटेड और रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को सौंपा है। पिछले वर्ष अगस्त में टेंडर आवंटित किया गया था। इन कंपनियों को दो साल के अंदर 15.221 किलोमीटर लंबे मेट्रो मार्ग का निर्माण करना है, जिसमें मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर सेक्टर-9 तक शामिल है। एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का सिर्फ 14 से 15 प्रतिशत निर्माण हुआ है। कंपनी ने एक भी मेट्रो स्टेशन की इमारत का निर्माण शुरू नहीं किया है।

निर्माण होने के बाद दिल्ली आना-जाना आसान होगा

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण से दिल्ली से गुरुग्राम आना-जाना आसान हो जाएगा। एसईजेड, यूनिटेक साइबर पार्क और उद्योग विहार की कंपनियों में आने वाले लोग मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर उतरकर ऑटो या ई-रिक्शा पकड़ते हैं। निर्माण के बाद मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज स्टेशन बदलकर गंतव्य तक आसानी से पहुंच जाएंगे।

हाईवे पर 16 लेन का टोल प्लाजा बनेगा

गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे पर गांव जनौला के समीप 16 लेन का टोल प्लाजा बनाया जाएगा। द्वारका एक्सप्रेसवे से यह गांव करीब 19 किलोमीटर की दूरी पर है। एनएचएआई ने सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को टोल प्लाजा की अधिसूचना जारी करने के लिए पत्र लिखा है। एनएचएआई के सर्वे के अनुसार टोल प्लाजा लगने के बाद करीब 57 करोड़ की सालाना आय होने का अनुमान है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने बताया कि 46 किलोमीटर लंबे गुरुग्राम हाईवे का निर्माण अंतिम चरण में है। दो से तीन माह में इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर News15 KM रूट, 14 स्टेशन; गुरुग्राम मेट्रो के सेकेंड फेज में कहां-कहां होंगे स्टॉप