काम की बात: गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी पर बनेगा 1.2 KM लंबा फ्लाईओवर, इन रास्तों पर घटेगा जाम

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने हापुड़ चुंगी पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए एएलटी से शास्त्रीनगर चौराहे तक फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की है। यह फ्लाईओवर करीब 1.2 किलोमीटर लंबा होगा, जिस पर करीब 125 करोड़ की लागत आएगी।

गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी पर बनेगा 1.2 KM लंबा फ्लाईओवर, इन रास्तों पर घटेगा जाम

गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी पर लोगों को रोज-रोज के लंबे ट्रैफिक जाम से राहत देने की तैयारी है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एएलटी से शास्त्रीनगर चौराहे तक फ्लाईओवर बनाने की कवायद तेज कर दी है। जून के अंत तक इसका टेंडर भी जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद इसकी सभी प्रक्रिया पूरी कर फ्लाईओवर का निर्माण होगा।

गाजियाबाद में जाम की समस्या बेहद ज्यादा है। इसमें हापुड़ चुंगी भी जाम का मुख्य पॉइंट है। हापुड़ चुंगी पर सुबह और शाम के वक्त सबसे अधिक जाम रहता है। दिल्ली-मेरठ रोड से एनएच-9 जाने आने वाले वाहन एएलटी सेंटर से होते हुए हापुड़ चुंगी और डायमंड फ्लाईओवर के जरिये एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे आ जा सकते हैं। इन मार्गों पर वाहनों के अधिक दबाव को देखते हुए जीडीए ने नया प्लान तैयार किया है। इस योजना के तहत प्राधिकरण संजयनगर सेक्टर 23 के एएलटी सेंटर से हापुड़ चुंगी होते हुए कविनगर थाने से आगे शास्त्रीनगर चौराहे तक फ्लाईओवर बनाएगा।

125 करोड़ की लागत से बनेगा 1.2 किमी लंबा फ्लाईओवर

जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस फ्लाईओवर का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे अनुमति मिल गई है। अब इसे बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके निर्माण कराने का जून के अंत तक टेंडर जारी कर दिया जाएगा। जानकार बताते हैं कि इस फ्लाईओवर की लंबाई करीब 1.2 किलोमीटर तक होगी। फ्लाईओवर की अनुमानित लागत करीब 125 करोड़ है, जो क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से खर्च होगा। इसके बनने से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे व एनएच-9 जाने आने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में जाम की समस्या भी दूर हो सकेगी।

यातायात सुगम होगा

अधिकारी बताते हैं कि एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे को जोड़ने के लिए मुख्य रूप से एएलटी सेंटर से हापुड़ चुंगी होते हुए शास्त्रीनगर के जरिये डायमंड फ्लाईओवर वाला मार्ग है। फ्लाईओवर बननने के बाद हापुड़ चुंगी में जाम खत्म होगा।

रोज जाम से जूझ रहे

हापुड़ चुंगी पर सुबह और शाम के वक्त लंबा जाम लगता है। इसी जाम को खत्म करने के लिए एएलटी से शास्त्रीनगर तक फ्लाईओवर बनाया जाएगा। हालांकि कलेक्ट्रेट से हापुड़ चुंगी होते हुए सीबीआई एकेडमी तक फ्लाईओवर बनाने की भी चर्चा की गई, लेकिन उससे ज्यादा जरूरी एएलटी मार्ग पर बनाने तय हुआ।

आलोक रंजन, प्रभारी मुख्य अभियंता, जीडीए, ''हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर बनाने की तैयारी है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है ताकि फ्लाईओवर का जल्द निर्माण कर लोगों को जाम से राहत दी जा सके।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।