काम की बात: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में आज से 28 रूटों पर चलेंगी 115 इलेक्ट्रिक बसें, सिटी बस नेटवर्क होगा और मजबूत

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

Noida City Bus Service : नोएडा सिटी बस नेटवर्क आज से और मजबूत हो जाएगा। सोमवार से 28 रूट पर 115 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने लगेंगी। नोएडा एयरपोर्ट से आज शुरू हो रही उड़ानों को देखते हुए जिले में पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में आज से 28 रूटों पर चलेंगी 115 इलेक्ट्रिक बसें, सिटी बस नेटवर्क होगा और मजबूत

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सोमवार से 28 रूट पर 115 इलेक्ट्रिक बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। इनमें 100 इलेक्ट्रिक, 10 डबल डेकर और पांच हाइड्रोजन बसें होंगी। लोगों के लिए ये बसें सुबह 5 से लेकर रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। बसों का न्यूनतम 20 और अधिकतम 50 रुपये किराया होगा। सभी बसें पूरी तरह सड़कों पर उतरें, इसके लिए रविवार शाम तक प्राधिकरण और रोडवेज के अधिकारियों ने पूरी योजना तैयार कर ली है।

रोडवेज के आरएम मनोज कुमार ने बताया कि 110 बसें रोडवेज के माध्यम से चलाई जाएंगी, जबकि हाइड्रोजन बसों का संचालन यमुना प्राधिकरण करेगा। पिछले तीन दिन से 33 बसें चल रही थीं। सोमवार से जेवर में नोएडा एयपोर्ट की शुरुआत हो जाएगी। ऐसे में बसों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। इन बसों के संचालन के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में 28 रूट निर्धारित किए गए हैं। हर बस में पर्याप्त संख्या में ड्राइवर और कंडक्टर मौजूद रहेंगे। ये बसें रात या दोपहर के समय सेक्टर-90 डिपो में खड़ी हुआ करेंगी। यहां पर अभी पांच चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं। इनके अलावा सेक्टर-35 मोरना डिपो में भी बसों को चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। आने वाले दिनों में सेक्टर-90 डिपो में प्राधिकरण के माध्यम से ही 15 और चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। निर्धारित रूटों पर बसें चलने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।

दो दिन में 693 लोगों ने यात्रा की

ई-बसें शुक्रवार दोपहर से चलनी शुरू हुईं थीं। ऐसे में शुक्रवार और शनिवार को सभी बसों में 693 लोगों ने सफर किया। अधिकारियों ने बताया कि 12 जून को बसें 1902 किलोमीटर चलीं और 265 सवारियों से टिकट के रूप में सात हजार 760 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके बाद 13 जून को बसें 2422 किलोमीटर चलीं। इस दिन 428 लोगों ने बसों में अलग-अलग रूट पर सफर किया, जिनसे टिकट के रूप में 14 हजार 260 रुपये की आय हुई।

नोएडा एयरपोर्ट आज से शुरू होंगी कमर्शियल उड़ानें

गौरतलब है कि जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज से कमर्शियल उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। इसके चलते जिले में पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है। हालांकि शुरुआत में कुछ ही रूटों पर उड़ानें शुरू होंगी, लेकिन अगले महीने से यहां से कई शहरों के लिए विमान उड़ान भरेंगे। इसके मद्देनजर जिले में यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाएगी। उन्हें परिवहन का सुलभ साधन उपलब्ध कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिले में एक बार फिर से सिटी बसों के के नेटवर्क को फिर से खड़ा किया जा रहा है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।