दिल्ली में बन सकेंगी 100 मंजिला इमारतें, मास्टर प्लान 2047 में और क्या-क्या खास
दिल्ली अगले कुछ वर्षों में नए रंग-रूप में नजर आ सकती है। मास्टर प्लान 2047 राजधानी के विकास का खाका नए सिरे से पेश किया गया है। इसमें गगनचुंबी इमारतों से लेकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट तक के लिए प्लान तैयार किया गया है।

Delhi Master Plan 2047 : राजधानी दिल्ली में 100 मंजिला इमारतें भी बन सकेगी। केंद्र सरकार की ओर से गुरुवार को जारी मास्टर प्लान 2047 में इसका प्रावधान किया गया है। इससे आने वाले समय में दिल्ली में गगनचुंबी इमारतें दिख सकती हैं। इससे दिल्ली की स्काईलाइन का दृश्य बदल सकता है।
मेट्रो, नमो भारत जैसे मास ट्रांजिट कॉरिडोर, बड़े व्यावसायिक और मिश्रित उपभोग वाले सेंटरों के आसपास गगनचुंबी इमारतों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा। मास्टर प्लान में कहा गया है कि ऊंची इमारतों का निर्माण दिल्ली के कॉम्पैक्ट शहरी विकास में मदद करेगा। इससे जमीन के कुशल इस्तेमाल और शहर के बेतरतीब फैलाव को कम करने में मदद मिलेगी। इनका डिजाइन आस-पास के शहरी माहौल के हिसाब से होगा। सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाएगा। ऊंची इमारतों में पब्लिक प्लाजा, पैदल चलने वालों के लिए रास्ते, सामुदायिक सुविधाएं, लैंडस्केप, हरियाली की सुविधा विकसित करने के लिए खाली जगह अधिक छोड़नी होगी। ऐतिहासिक लैंडमार्क, सेरेमोनियल एवेन्यू, हेरिटेज इलाकों इत्यादि इलाकों का भी ध्यान रखा जाएगा।
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह मास्टर प्लान शहर के ज्यादातर इलाकों में रिहायशी और व्यवासायिक इमारतों की ऊंचाई पर लगी पाबंदियों को हटाने वाला है। भूखंड आधारित आवासों, मूृल स्थान पर ही पुनर्वास, मिक्स्ड लैंड यूज, गोदामों और ग्रुप हाउसिंग इलाकों में अलग-अलग तरह की इमारतों के लिए ऊंचाई की कोई सीमा तय नहीं की गई है। बिल्डिंग प्लान को वैधानिक निकायों से स्वीकृति लेनी होगी, जो डीडीए द्वारा उस खास जमीन की श्रेणी के लिए स्वीकृत फ्लोर एरिया रेश्यो (एफएआर) पर निर्भर करेगा। डीडीए ने झुग्गियों को मूल स्थान पर पुनर्वास (इन-सीटू पुनर्वास) के लिए कम से कम 2,000 वर्ग मीटर की जगह और 500 एफएआर की अनुमति दी है। जिसमें इमारत की ऊंचाई की कोई खास पाबंदी नहीं रहेगी।
भूतल पर व्यावसायिक काम सकेंगे
तीन किलोमीटर के आसपास के दायरे में स्थित झुग्गियों बस्तियों को एक साथ मिलाकर उनके पुनर्वास के लिए भवन बनाया जा सकता है। बाकी भूखंड का इस्तेमाल कमाई वाले कामों में किया जा सकता है। रिहायशी इलाकों में 30 मीटर या उससे अधिक चौड़ी सड़कों से सटे मकानों के भूतल और भूतल पर पार्किंग होने पर पहले लोअर तल पर व्यवसायिक गतिविधियों की अनुमति होगी, लेकिन खतरनाक, ज्वलनशील, गैर-संगत, प्रदूषणकारी और प्रसंस्करण से जुड़े कारोबार की स्वीकृति नहीं होगी।
मास्टर प्लान-2047 में महामारी और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए शहर को पहले से तैयार करने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत नए इलाकों में बड़े हरित और खुले स्थान विकसित किए जाएंगे, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आपातकालीन निकासी के लिए जगह तय होगी और लोगों के लिए वैकल्पिक राहत स्थल बनाए जाएंगे। घर के पास काम की सुविधा देने के लिए विकेंद्रीकृत कार्यालय और वर्क फ्रॉम होम को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
महामारी के दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए नए विकास क्षेत्रों और पुराने इलाकों के पुनर्विकास में बड़े पार्क, खुले क्षेत्र और सार्वजनिक प्लाजा बनाने का प्रस्ताव है। साथ ही जमीन के इस्तेमाल की ऐसी योजना बनाने की बात कही गई है, जिसमें घर, काम की जगह और जरूरी सेवाएं एक-दूसरे के आसपास हों। वहीं, मौजूदा श्मशान घाटों को समयबद्ध तरीके से आधुनिक बनाने और नए अत्याधुनिक केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव किया गया है। श्मशान और कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार के लिए शेड, मृत्यु रजिस्ट्रेशन ऑफिस, लकड़ी-फूल और अन्य सामग्री की दुकानें, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की जा सकेगी।
व्यावसायिक केन्द्रों में बन सकेंगे होटल-गेस्ट हाउस
व्यावसायिक केन्द्रों, बाजारों, बस अड्डों एवं रेलवे स्टेशनों के आसपास होटल, गेस्ट हाउस और ठहरने की सुविधाओं (बोर्डिंग और लॉजिंग) को बनाने की मंज़ूरी दी गई है। इसके साथ ही रिहायशी इलाकों में भी गेस्ट हाउस और ठहरने की सुविधाओं को मिश्रित उपयोग के तहत बनाने की इजाजत दी गई है। नियमों के अनुसार कम से कम 24 मीटर चौड़े रास्ते वाले औद्योगिक प्लॉट का इस्तेमाल बदलकर होटल बनाया जा सकता है। कम से कम 12 मीटर चौड़े रास्ते पर होटल बनाए जा सकते हैं। दिल्ली शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, मनोरंजन, खेल और व्यापार का एक अंतरराष्ट्रीय केंद्र है।
कूड़ा प्रोसेसिंग की क्षमता को 25 हजार टन प्रतिदिन किया जाएगा
निगम राजधानी में मौजूदा वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट का विस्तार करेगा। 2035 तक शहर की कचरा प्रोसेसिंग क्षमता को 25,000 टन प्रति दिन से ज्यादा किया जा सके। मास्टर प्लान में अनुमान लगाया गया है कि दिल्ली का सॉलिड वेस्ट उत्पादन 2026 में 13,500 टन प्रतिदिन से बढ़कर 2047 तक 25,764 टन प्रतिदिन हो जाएगा।
योजना में इनको शामिल किया गया
घर के पास ही काम की सुविधा होगी : योजना में को-वर्किंग और साझा कार्यस्थलों को बढ़ावा देने की बात कही गई है। घर से काम करने वाले लोगों को सुविधाएं देने पर भी जोर रहेगा। इसका उद्देश्य महामारी जैसी स्थिति में दफ्तरों में भीड़ कम करना और लोगों को घर के आसपास काम की सुविधा देना है।
सस्ते किराए वाले मकान बढ़ाए जाएंगे : प्रवासियों के लिए सस्ते किराए वाले मकानों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है। कामगारों के लिए आवास और छात्रावास की सुविधा बढ़ाई जाएगी। घनी और अनियोजित बस्तियों में सामुदायिक भवनों और बहुउद्देश्यीय भूखंडों का आपदा के समय दूसरे कामों के लिए इस्तेमाल हो सकेगा।
काम के लिए मंजूरी लेना अनिवार्य : ज्वलनशील सामग्री से जुड़े काम के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा से अनिवार्य मंजूरी लेने का प्रस्ताव है। योजना में ई-वाहनों की बैटरियों को भी आग के संभावित खतरे के रूप में चिन्हित किया गया है। इनकी स्टोरेज, चार्जिंग और निपटान सरकार की तय गाइडलाइन के अनुसार करना होगा।
भवनों की सुरक्षा का ऑडिट कराना होगा : दिल्ली भूकंपीय जोन-चार में आती है। जान-माल का नुकसान कम करने के लिए भवन मालिकों और संबंधित स्थानीय निकायों को भवन नियमों के अनुसार इमारतों की संरचनात्मक सुरक्षा का ऑडिट करना होगा। संवेदनशील इलाकों को ऐसे ऑडिट को प्राथमिकता दी जाएगी।
तारों के जाल से भी राहत मिल सकेगी : संवेदनशील इलाकों में बिजली सुरक्षा सुधारने के लिए बिजली विभाग, स्थानीय निकाय और अन्य एजेंसियां मिलकर काम करेंगी। खासकर पुरानी दिल्ली, शहरी गांवों और अन्य घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सड़कों पर लटकते और खुले तारों तथा केबल की समस्या दूर की जाएगी।
बाढ़-जलभराव से निपटने की तैयारी : बाढ़-जलभराव से निपटने के लिए हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ बारिश के पानी को प्राकृतिक तरीके से संभालने वाली शहरी डिजाइन को बढ़ावा दिया जाएगा। नालों की नियमित सफाई और गाद निकालने के साथ निकाली गई गाद का उचित निस्तारण होगा।

