
द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ेंगी गुरुग्राम की 10 सड़कें, इन सेक्टरों और सोसाइटियों को होगा फायदा
गुरुग्राम सेक्टर-99 से लेकर 115 तक प्रस्तावित 10 से अधिक मुख्य सड़कों को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए जमीन अधिग्रहण किया जाएगा। इन सड़कों को एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 30 मीटर जमीन का अधिग्रहण एचएसवीपी ने नहीं किया है। इस वजह से लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
गुरुग्राम सेक्टर-99 से लेकर 115 तक प्रस्तावित 10 से अधिक मुख्य सड़कों को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए जमीन अधिग्रहण किया जाएगा। इन सड़कों को एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 30 मीटर जमीन का अधिग्रहण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने नहीं किया है। इस वजह से लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में गुरुवार दोपहर बाद लघु सचिवालय में हुई जिला समन्वय समिति की बैठक में जमीन अधिग्रहण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह ने बताया कि 31 जनवरी तक अधिग्रहित जमीन से जुड़ी सारी जानकारी एकत्रित कर ली जाएगी। इसके बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सेक्टर-99 की बाहरी सड़क, सेक्टर 99-99ए, 99-102, 102-102ए, 101-104, 102ए-103, 103-106, 106-109, 109-112, 110ए-111 आदि मुख्य सड़क द्वारका एक्सप्रेसवे से नहीं जुड़ी हुई हैं। इस एक्सप्रेसवे के लिए 150 मीटर जमीन का अधिग्रहण करना था। हरित क्षेत्र के लिए 30 मीटर जमीन का अधिग्रहण नहीं किया। इस वजह से इन सड़कों का जुड़ाव द्वारका एक्सप्रेसवे से नहीं हो सका है। सेक्टर-102ए में करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन श्री शीतला माता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तक पहुंचने का रास्ता द्वारका एक्सप्रेसवे से नहीं है। इसके अलावा सेक्टर-58 से लेकर 115 तक जमीन अधिग्रहण की वजह से सड़क, पानी, सीवर और बरसाती नाले के निर्माण में आ रही अड़चन को जमीन का अधिग्रहण करके दूर किया जाएगा। एचएसवीपी के मुताबिक, करीब 86 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करना होगा।
मेट्रो के लिए जमीन अधिग्रहण होगा
डीएस ढेसी ने गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के अधिकारियों को आदेश जारी किए कि वे जमीन अधिग्रहण से जुड़ी जानकारी को समिति को भेजें। ताकि जल्द अधिग्रहण किया जाए।
सड़कों की मरम्मत में देरी
बैठक में जीएमडीए ने दावा किया कि म्हारी सड़क ऐप पर प्राप्त 783 में से 163 शिकायतों का समाधान किया है, जबकि 617 प्रक्रियाधीन हैं। गुरुग्राम निगम ने 910 में से 219 शिकायतों का निस्तारण किया है।
इन सोसाइटियों को लाभ होगा
सेक्टर-99 स्थित परीना लक्ष्मी अपार्टमेंट, हैबिटेट प्राइम, एसोटैक ब्लिथ, परीना इलाइट रेजिडेंसी, जी-99, सेक्टर-102 स्थित गुरुग्राम ग्रींस, सनसिटी एवेन्यू, हैरीटेज मैक्स, सेक्टर-103 स्थित इंडियाबुल्स सेंट्रम पार्क, सत्या द हर्मिटेज, सेक्टर-111 स्थित कैपिटल गेटवे, सेक्टर-110ए स्थित डिप्लोमैटिक ग्रींस आदि सोसाइटी के निवासियों को सड़कों के द्वारका एक्सप्रेसवे से न जुड़ने से दिक्कत हो रही है। जमीन अधिग्रहण के बाद इन सोसाइटियों का जुड़ाव द्वारका एक्सप्रेसवे से हो जाएगा।
वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा
वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सीएक्यूएम के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। सड़क किनारे धूल एवं सिल्ट को वायु गुणवत्ता खराब होने का प्रमुख कारण बताया गया। अंतरिम उपायों के तहत मास्टर सेक्टर सड़कों पर मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों की तैनाती, मलबे की सफाई व धूल नियंत्रण हेतु पानी का छिड़काव किया जा रहा है। जीएमडीए सीईओ ने बताया कि संवेदनशील सड़कों पर अतिरिक्त स्वीपिंग मशीनें लगाई जाएंगी।
बैठक में जीएमडीए सीईओ पीसी मीणा, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव आदि मौजूद थे।





