कांग्रेस नेता की घर में घुसकर हत्या, 15 दिन पहले ही हुई थी शादी; CCTV में कैद घटना
सीनियर अफसर ने कहा, ‘अगर कोई घर में घुसकर हमला करता है तो यह संकेत देता है कि यह सुनियोजित तरीके से किया गया हो सकता है। हम यह पता लगाने के लिए गहन जांच करेंगे कि इसकी योजना किसने बनाई और इसे अंजाम किसने दिया।’

कर्नाटक के धारवाड़ में युवा कांग्रेस के एक नेता की अज्ञात हमलावरों ने उनके घर में घुसकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मृतक की पहचान 32 वर्षीय फिरोज पठान के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार देर रात मालापुर इलाके में पठान के घर पर हुई, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार, 4 अज्ञात हमलावर घर में घुसे और धारदार हथियारों से पठान पर हमला कर दिया। शहर के पुलिस आयुक्त एन शशिकुमार ने बताया कि पठान जब अपने घर में थे तो रात 9:30 से 10 बजे के बीच तीन-चार लोग वहां पहुंचे और उन हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, 'हमें संदिग्धों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।' राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता या पुरानी दुश्मनी से जुड़ी खबरों और परिवार की ओर से इस तरह के किसी पहलू का जिक्र किए जाने के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने कहा, 'नहीं। मैंने उनकी मां और बहन से बात की। वे बस इतना कह रही हैं कि जिसने भी यह कृत्य किया है उसे सजा मिलनी चाहिए।'
कैसे हुई पूरी वारदात
पुलिस आयुक्त ने कहा, 'हमने अभी तक उनसे विस्तृत जानकारी एकत्र नहीं की है। फिलहाल परिवार के सदस्य और उनके समुदाय के कई लोग यहां एकत्र हुए हैं। वे शिकायत दर्ज कराएंगे, जिसके बाद हम व्यापक जांच करेंगे। इस घटना में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हर व्यक्ति को जांच के दौरान कानून के दायरे में लाया जाएगा।'
सीनियर अफसर ने कहा, 'अगर कोई घर में घुसकर हमला करता है तो यह संकेत देता है कि यह सुनियोजित तरीके से किया गया हो सकता है। हम यह पता लगाने के लिए गहन जांच करेंगे कि इसकी योजना किसने बनाई और इसे अंजाम किसने दिया। जांच पूरी तरह व्यापक होगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।'
आरोपी मौके से फरार
पुलिस के सीनियर अधिकारी ने बताया कि अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि पास में लगे सीसीटीवी कैमरों से जांच में अहम सुराग मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही उपनगरीय पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
परिजनों के अनुसार, फिरोज पठान की शादी करीब 15 दिन पहले ही हुई थी और घटना के समय वह अपने घर के बाहर बैठे थे। उनकी मां ने बताया कि करीब 4-5 लोग वहां पहुंचे और उनसे बात करने लगे, जिसके बाद उसने घर के अंदर भागकर दरवाजा बंद कर लिया। हालांकि, हमलावरों ने दरवाजा तोड़ दिया और चाकू लेकर घर के अंदर घुस आए। परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पठान के साथ मारपीट की और घर में मौजूद एक महिला समेत अन्य लोगों पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने घर में जो भी सामान मिला, उससे हमला किया और वहां से दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

