आप चुनावों में धांधली की बात करोगे; 1989 की याद दिलाऊं? राहुल पर भड़के अनुराग ठाकुर
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर आप चुनावों में धांधली की बात करते हैं तो 1989 की याद दिला दूं। ठाकुर ने साफ कहा कि देश को सिर्फ आरोप नहीं, ठोस सबूत चाहिए।
भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनावों में धांधली वाले बयानों पर कड़ा पलटवार किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर राहुल गांधी चुनावों में गड़बड़ी की बात करते हैं, तो क्या उन्हें 1989 का समय याद दिलाया जाए?अनुराग ठाकुर ने साफ शब्दों में कहा कि देश को सिर्फ आरोप लगाने वाले नेताओं की जरूरत नहीं है। देश को ठोस सबूत चाहिए। इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना किसी ठोस प्रमाण के बार-बार आरोप लगाना सही नहीं है। इससे लोकतंत्र और चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठते हैं, जो ठीक नहीं।
भाजपा नेता राहुल गांधी को 'हवा-हवाई' नेता बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जमीन से जुड़े हुए नहीं हैं और वे सिर्फ हवा में बातें करते हैं। ठाकुर के अनुसार, राहुल गांधी ऐसे बयानों से देश में अराजकता, अशांति और गड़बड़ी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस हार के बाद हर बार नई कहानी गढ़ती है और बिना सबूत के आरोप लगाती रहती है। अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि चुनावों की निष्पक्षता पर बिना आधार के सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि अगर कोई असली शिकायत है तो सबूत लेकर आगे आएं, सिर्फ आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा।
भाजपा की ओर से यह बयान तब सामने आया, जब विपक्ष की ओर से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। बार-बार मोदी सरकार पर वोट चोरी करने का आरोप लगाया जा रहा है। दूसरी ओर भाजपा का कहना है कि ऐसी बातें देश की छवि और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाती हैं। अनुराग ठाकुर ने साफ किया कि भाजपा किसी भी गलत आरोप को चुपचाप नहीं सहेगी और हर बार तथ्यों के साथ जवाब देगी।
बता दें कि राहुल गांधी वोट चोरी के मुद्दे पर एक बार फिर सड़क पर है। इंडिया गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। और सुप्रीम कोर्ट तक मार्च कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा है कि इंडिया ब्लॉक के नेता इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और याचिका दायर करेंगे।


