रूसी मंत्री की पर्सनालिटी की गोयल ने की तारीफ, बोले- बॉलीवुड फिल्मों में करना चाहिए काम
आपको बता दें कि भारत और रूस ने अपनी आर्थिक और औद्योगिक साझेदारी को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। गोयल ने कहा कि एक नई द्विपक्षीय निवेश संधि के लिए बातचीत में तेजी लाई जा रही है।

भारत ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इसमें शामिल होने के लिए रूसी डेलिगेशन भारत पहुंच चुका है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारत-रूस बिजनेस डायलॉग के दौरान रूस के उद्योग और व्यापार मंत्री एंटोन अलीखानोव की जमकर तारीफ की है। उन्होंने रूसी मंत्री की पर्सनालिटी को डैशिंग बताया और कहा कि वह जल्द ही बॉलीवुड फिल्मों में काम करते हुए दिख सकते हैं। आपको बता दें कि यह वार्ता भारत मंडपम में आयोजित की गई थी।
पीयूष गोयल ने अलीखानोव के बारे में कहा, "मेरे दोस्त, सहयोगी और रूसी संघ के डैशिंग माननीय उद्योग और व्यापार मंत्री एंटोन अलीखानोव। मैं उनसे कहा कि शायद वे गलत पेशे में हैं। हमें अपने ऑडियो-विजुअल सहयोग को बढ़ाना चाहिए। हो सकता है कि हम उन्हें जल्द ही बॉलीवुड की किसी फिल्म में काम करते हुए देखें।"
भारत-रूस के बीच होने वाली है बड़ी डील
आपको बता दें कि भारत और रूस ने अपनी आर्थिक और औद्योगिक साझेदारी को गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। गोयल ने कहा कि एक नई द्विपक्षीय निवेश संधि के लिए बातचीत में तेजी लाई जा रही है। गोयल ने कहा, "हम यानी कि भारत-रूस एक नई द्विपक्षीय निवेश संधि की प्रक्रिया में तेजी ला रहे हैं ताकि दोनों तरफ के निवेशकों को वह कानूनी भरोसा मिल सके जिसकी तलाश प्रोजेक्ट और बिजनेस निवेश के फैसले को अंतिम रूप देते समय करते हैं।"
स्थानीय मुद्रा में भुगतान की व्यवस्था
पियूष गोयल ने यह भी कहा कि दोनों देश यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन (EAEU) के साथ भारत और रूस के नेतृत्व वाले मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। EAEU के पांच सदस्य देश आर्मेनिया, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और रूस हैं। गोयल ने कहा कि इस समझौते से उद्योगों के लिए नए बाजार खुलेंगे। उन्होंने कहा, "हम स्थानीय मुद्रा में भुगतान की व्यवस्था को मजबूत करना जारी रखेंगे, क्योंकि टैरिफ की तुलना में भुगतान में आने वाली दिक्कतें ही जमीनी स्तर पर व्यापार की गति को धीमा करती हैं।"


