मैच खत्म, खिलाड़ी मुड़े और... क्या क्रिकेट में ही हाथ मिलाना देशभक्ति का सवाल है?
एशियाई खेलों में भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी अक्सर मैच के बाद हाथ मिलाते हैं। कबड्डी, स्क्वैश, हॉकी और मुक्केबाजी में यह आम बात है। लेकिन क्रिकेट में ऐसा नहीं हो रहा। मैच खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ी मुड़कर चले जाते हैं..

एशियाई खेलों में अक्सर यह देखा जाता है कि भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी मैच के बाद हाथ मिलाते हैं। कबड्डी में भी ऐसा होता है, स्क्वैश में भी। हॉकी खिलाड़ी हाई-फाइव करते हैं। मुक्केबाज दस्ताने छूते हैं। लेकिन क्रिकेट में ऐसा नहीं होता। मैच खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ी मुड़कर चले जाते हैं। इससे लगता है कि बाकी खेलों में हाथ मिलाना ठीक है, लेकिन क्रिकेट में यही देशभक्ति है। दरअसल, रविवार को भारत की महिला टीम ने एशिया कप जीता। जीत के बाद टीम ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया। इससे पहले भी हरमनप्रीत कौर की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ हाथ नहीं मिलाया था।
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। 2025 पुरुष एशिया कप से जो शुरुआत हुई थी, उसी का यह नया अपडेट है। उस समय सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम के कप्तान थे। उससे पहले पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। भारत और पाकिस्तान के रिश्ते फिर से बहुत खराब हो गए थे। ऐसे माहौल में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच इसलिए खेला क्योंकि एशिया कप बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट था। द्विपक्षीय सीरीज नहीं थी। भारत ने मैदान पर उतरने का फैसला किया, लेकिन पारंपरिक हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भी टीम ने नकवी से ट्रॉफी नहीं ली। अब महिला टीम ने भी वही रास्ता अपनाया है। पुरुष हो या महिला, संदेश एक है खेलेंगे लेकिन....
पाकिस्तान को लेकर नीति साफ
दरअसल, भारत की खेल नीति पाकिस्तान को लेकर साफ रही है। भारत पाकिस्तान के साथ अकेले द्विपक्षीय क्रिकेट नहीं खेलता। न टेस्ट सीरीज होती है, न वनडे सीरीज, न टी-20 सीरीज। लेकिन अगर कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय या एशियाई टूर्नामेंट हो और उसमें पाकिस्तान भी खेल रहा हो, तो भारत उसमें हिस्सा लेता है। इसी नियम के तहत एशिया कप में खेला गया। यानी मैदान पर मुकाबला हो सकता है, लेकिन रिश्ता सामान्य नहीं माना जा जाएगा।
रिश्ता सामान्य नहीं है तो कोई बात नहीं, पाकिस्तान के खिलाफ खेला जा सकता है। महाद्वीपीय खिताब के लिए मैदान पर दो-दो हाथ भी हो सकता है। लेकिन हाथ मिलाना नहीं हो सकता। ट्रॉफी समारोह में पाकिस्तानी अधिकारी के हाथ से कप लेना भी संभव नहीं है। इसका मतलब ये है कि खेल की सीमा एक जगह आकर खत्म हो जाती है और यहीं से सीमा पार वाली सियासत शुरू हो जाती है। इसके पीछे का कारण कुछ हद तक मोहसिन नकवी भी है। दरअसल, वे सिर्फ एसीसी के अध्यक्ष नहीं हैं। वे पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं। यानी वे एक साथ खेल अधिकारी भी हैं और राजनीतिक पद पर भी हैं। शायद यही कारण है कि ट्रॉफी न लेने का फैसला सिर्फ पुरस्कार समारोह का फैसला नहीं रह जाता। यह सियासी संदेश भी बन जाता है।
क्रिकेट सबसे अलग क्यों है?
अब बड़ा सवाल एशियाई खेलों को लेकर है। वहां सिर्फ क्रिकेट नहीं होगा। दर्जनों खेल होंगे। भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी कई मैचों में आमने-सामने होंगे। अगर किसी समारोह में कोई पाकिस्तानी खेल अधिकारी पदक देने आए, तो क्या होगा? अगर नकवी खुद किसी क्रिकेट पदक समारोह में मौजूद हों, तो क्या भारतीय क्रिकेटर पदक लेने से भी इनकार कर देंगे? एक खेल में हाथ न मिलाना आसान है। कई खेलों वाले बड़े आयोजन में यही फैसला दोहराना मुश्किल हो सकता है।
दरअसल, दूसरे खेलों में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से नियमित रूप से प्रतिस्पर्धा करते हैं। वे हाथ मिलाते हैं। एक ही मैदान पर खेलते हैं। कभी एक ही मंच पर खड़े होते हैं। अंतरराष्ट्रीय खेल के नियम का पालन करते हैं। इससे किसी को कम देशभक्त नहीं कहा जाता। हॉकी हो, कबड्डी हो या मुक्केबाजी, खेल खत्म होते ही सामान्य शिष्टाचार दिखता है। फिर अकेला क्रिकेट क्यों अलग है।
दरअसल, फर्क दो बातों का है। पहली, क्रिकेट भारत में सबसे ज्यादा पैसा वाला खेल है। बीसीसीआई बहुत अमीर बोर्ड है। दूसरी, क्रिकेट राजनीतिक रूप से सबसे ज्यादा संवेदनशील खेल है। भारत-पाक मैच सिर्फ खेल नहीं रह जाता। वह भावनाओं, गुस्से और राष्ट्रवाद से जुड़ जाता है। इसलिए क्रिकेट को अपने संदेश में और सावधानी रखनी चाहिए। लेकिन सावधानी का मतलब दोहरे नियम नहीं होना चाहिए।
बीसीसीआई का क्या मत?
बीसीसीआई का कहना है कि उसका फैसला देश की भावनाओं का सम्मान करने और सरकार के साथ खड़े होने का है। यह दलील भावनात्मक रूप से अच्छी और मजबूत लगती है। लेकिन सरकार ने सार्वजनिक रूप से कभी यह नहीं कहा कि किसी खिलाड़ी को पाकिस्तानी खिलाड़ी से हाथ नहीं मिलाना चाहिए। सरकार ने यह भी नहीं कहा कि किसी पाकिस्तानी अधिकारी से ट्रॉफी या पदक नहीं लेना चाहिए? तो फिर सवाल खड़ा होता है कि आखिर कहता कौन है?
दूसरी ओर बीसीसीआई दशकों से अपनी स्वायत्तता बचाता रहा है। जब नियम, पारदर्शिता, जवाबदेही या सरकारी नियंत्रण की बात आती है, तो भारतीय क्रिकेट तुरंत कहता है कि वह दूसरे खेलों से अलग है। वह अपने हिसाब से चलता है। लेकिन जैसे ही पाकिस्तान का मुद्दा आता है, स्वायत्तता पीछे रह जाती है और राष्ट्रवाद आगे आ जाता है। जरूरत पड़ने पर बोर्ड स्वतंत्र है, और जरूरत पड़ने पर सरकार के साथ खड़ा है। दोनों बातें एक साथ आसानी से नहीं चल सकतीं। न ही क्रिकेट यह तय कर सकता है कि देशभक्ति का पैमाना क्या है?
दरअसल, बीसीसीआई यह कह सकता है कि भारत-पाकिस्तान संबंध सामान्य नहीं हैं। सावधानी जरूरी है। यह बात गलत नहीं है। रिश्ते खराब हैं। हमले हुए हैं। गुस्सा है। आशंका है। लेकिन तर्क यहीं कमजोर पड़ जाता है। अगर संबंध इतने खराब हैं कि हाथ भी नहीं मिलाया जा सकता, तो मैच क्यों खेला जाए? अगर मैच खेला जा सकता है, खिताब के लिए मुकाबला हो सकता है, तो हाथ मिलाने और ट्रॉफी समारोह को अचानक सबसे बड़ी देशभक्ति की परीक्षा क्यों बना दिया जाए? यही रवैया सवाल खड़ा करता है, जिसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है।

