
'आप साड़ी में अच्छी लगती हैं', महिलाओं को मैसेज कर फंसे बंगाली एक्टर रिजू बिस्वास, स्क्रीनशॉट वायरल
अभिनेता ने वीडियो जारी करके एक बयान में कहा, ‘मुझे झूठ बोलना पसंद नहीं है। मैंने वे संदेश भेजे थे। लेकिन किसी की तारीफ करने में क्या हर्ज है? यह कहना कि कोई साड़ी में अच्छी लगता है, एक साधारण तारीफ है।'
छोटे पर्दे के बांग्ला अभिनेता रिजू बिस्वास के खिलाफ कई महिलाओं ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक्टर ने उन्हें अनचाहे संदेश भेजे, जिनमें वह अक्सर यह टिप्पणी करते थे कि वे साड़ियों में अच्छी लगती हैं। ये आरोप तब सामने आए जब एक महिला ने बिस्वास से मिले मैसेज के स्क्रीनशॉट सीधे इंस्टाग्राम पर शेयर किए। इसके बाद अन्य महिलाओं ने भी इसी तरह के अनुभव बयां करने वाले कंटेंट ऑनलाइन पोस्ट करना शुरू कर दिया।

37 वर्षीय अभिनेता ने मैसेज भेजने से इनकार नहीं किया है। एक्टर ने स्वीकार किया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से ये संदेश भेजे थे, लेकिन यह भी कहा कि उनके इरादे गलत नहीं थे। अभिनेता ने वीडियो जारी करके एक बयान में कहा, ‘मुझे झूठ बोलना पसंद नहीं है। मैंने वे संदेश भेजे थे। लेकिन किसी की तारीफ करने में क्या हर्ज है? यह कहना कि कोई साड़ी में अच्छी लगता है, एक साधारण तारीफ है। मैं यह बात अपनी मां से भी कहता हूं।’
कई सारी महिलाएं आईं आगे
पोस्ट और सार्वजनिक आलोचना की बाढ़ के बाद बिस्वास ने उत्पीड़न और निजता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। स्क्रीनशॉट साझा करने वालों में मॉडल, ब्लॉगर, प्रभावशाली व्यक्ति और कामकाजी पेशेवर महिलाएं शामिल हैं। पोषण विज्ञान की एक विशेषज्ञ ने 2019 का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया है। इसमें बिस्वास का एक ऐसा ही संदेश दिखाया गया है, जो सुबह 4:09 बजे भेजा गया था।
हद से आगे बढ़ने का लगाया आरोप
एक्टर-मॉडल आलोकानंदा गुहा ने भी बिस्वास पर पेशेवर संदेशों की आड़ में हद से आगे बढ़ने का आरोप लगाया। गुहा ने कहा कि बिस्वास ने सबसे पहले फेसबुक पर नौकरी के प्रस्ताव के साथ उनसे संपर्क किया और एक पता भी दिया। गुहा जब अपनी मां और बहन के साथ उस जगह पर पहुंचीं, तो बिस्वास असहज दिखे और बाद में उन्हें मैसेज भेजकर कहा कि उन्होंने उनका मूड खराब कर दिया है।
कंटेंट क्रिएटर ने बिस्वास का किया बचाव
आलोकनंदा गुहा ने आगे आरोप लगाया कि 2017 में जब उनका करियर आगे बढ़ा तो बिस्वास ने एक बार फिर उन्हें ‘आप साड़ी में अच्छी लगती हैं’ वाली टिप्पणी के साथ मैसेज भेजा। इस बीच, कंटेंट क्रिएटर झरना भोवाल ने सार्वजनिक रूप से बिस्वास का बचाव किया। उनके साथ एक तस्वीर साझा करते हुए झरना ने कहा कि शांतिनिकेतन में शूटिंग के दौरान उन्हें अभिनेता का व्यवहार अनुचित नहीं लगा। उन्होंने कहा, ‘व्यक्तिगत रूप से मुझे रिजू दादा बुरे व्यक्ति नहीं लगे। साड़ी पहनने की अपील शूटिंग की पारंपरिक अवधारणा का हिस्सा था।’
(एजेंसी इनपुट के साथ)





