पेशाब पिलाया, बिजली के झटके और तलाक; पुणे में ‘बाबा’ पर महिला ने लगाए 15 साल तक उत्पीड़न के आरोप
पुणे में एक महिला ने स्वयंभू गुरु के ऊपर 15 साल तक यौन और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला के आरोपों के आधार पर आरोपी बाबा और उसके सात सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सात सहयोगियों में छह महिलाएं भी शामिल हैं।

Pune Crime News: पुणे से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक स्वयंभू गुरु और सात सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन लोगों के ऊपर एक बंगले में चलाए जा रहे गुरुकुल में महिला के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप हैं। पुलिस बुधवार को इन लोगों की गिरफ्तारी के बाद मीडिया को बताया कि 41 वर्षीय पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों को वाघोली के उबालेनगर स्थित बंगले से गिरफ्तार किया गया है। बाद में इन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 20 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है
टाइम्स ऑफ इंडिया कि रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि शहर की एक बड़ी कंपनी में काम करने वाली महिला ने थाने में आकर बाबा और उसके साथियों के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए खराड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके बाद उबालेनगर स्थिति बंगले पर छापेमारी की गई। यहां से मुख्य आरोपी राधामोहन मिश्रा (59) उसका सहयोगी कंवल नयन और छह महिला सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के बंगले से 19 हार्ड डिस्क, 12 लैपटॉप, एक टैबलेट, 11 मोबाइल फोन, डीवीडी, सीडी 23 पेनड्राइव, 15 लाख रुपए के गहने, 6.5 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। इतना ही नहीं आरोपी ने बंगले के नीचे से भागने के लिए एक सुरंग भी बनवाकर रखी थी। सभी आरोपियों को 20 जून तक की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
बाबा की भक्ति करता था पीड़िता का परिवार
पुलिस अधिकारी अमितेश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी हरियाणा का रहने वाला है। वह पिछले आठ सालों से पुणे में एक बंगले में निजी आश्रम चला कर रहा है। पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका परिवार बाबा को करीब 15 साल से जानता है। दोनों पक्षों के बीच में अच्छी जान पहचान है पीड़ित परिवार बाबा की भक्ति करता था। इसी का फायदा उठाकर बाबा ने उसके साथ लंबे समय तक यौन उत्पीड़न किया।
महिला के साथ अमानवीयता
पुलिस अधिकारी के मुताबिक महिला ने अपनी एफआईआर में बाबा की पूरी पोल पट्टी खोल कर रखी है। महिला का आरोप है कि आरोपी बाबा खुद को दिव्य अवतार बताता है। पुणे और बाहर कई जगहों पर उसके भक्त मौजूद हैं। इसी ताकत के दम पर बाबा ने पिछले 15 सालों से कई बार उसके साथ यौन और मानसिक शोषण किया है। इतना ही नहीं बाबा ने उसे पेशाब पीने के लिए मजबूर किया और कई बार बिजली के झटके भी दिए। इसके अलावा बाबा ने उसका और उसके पति का तलाक करवाकर संपत्ति अपने नाम करवा ली और फिर उसके परिवार को भी उसके खिलाफ भड़का दिया। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज करवाने का फैसला लिया।
हरियाणा से शुरू हुई कहानी
महिला की रिपोर्ट के मुताबिक उसका परिवार और आरोपी बाबा हरियाणा के रहने वाले हैं। 2001 के आसपास उसके पिता की पहचान आरोपी बाबा के सहयोगी कंवल नयन से हुई। धीरे-धीरे विश्वास बढ़ता गया और उसके परिवार के सदस्य बाबा के कट्टर भक्त बन गए। इसके बाद वह आर्थिक हालात ठीक करने और परिवार की सुख शांति बढ़ाने के लिए लगातार परिवार के संपर्क में बना रहा। इसी बीच उसने पुणे में अपना आश्रम खोल लिया। यहां से यह मामला पुणे पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने बताया कि इसके बाद वह जब पुणे आई, तो बाबा के आश्रम में ही रुकी। यहां पर आरोपी ने उसकी आज्ञाकारिता की परीक्षा लेने के लिए कई बार उसका यौन शोषण और शारीरिक उत्पीड़न किया। इस बारे में जब महिला ने अपने परिवार से बात की तो उन्होंने भी इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। क्योंकि मिश्रा पहले ही उन्हें इस बात को भरोसा दिला चुका था कि महिला को सुधरने की जरूरत है उसका व्यवहार ठीक नहीं है।
पुलिस ने बताया, "एक उम्र पर आने के बाद महिला ने शादी करने की कोशिश की, तो मिश्रा ने ही एक बेवसाइट के जरिए उसकी शादी तय करवाई। इसके बाद कुछ प्राइवेट वीडियो लीक करने की धमकी देकर उसे शादी के ठीक पहले भाग जाने के लिए कहा, जिससे उसके परिवार के सामने उसकी इज्जत और भी ज्यादा कम हो जाए। इतना सब कुछ करने के बाद भी महिला ने शादी कर ली और वह अपने पति के पास रहने लगी। लेकिन पुराने वीडियो की धमकी देकर आरोपी बाबा लगातार उसे परेशान करता रहा। इतना ही नहीं उसने महिला और उसके पति के निजी वीडियो भी मांगे। इन सारे वीडियो का इस्तेमाल करके वह लगातार महिला को ब्लैकमेल करता रहा। इसके बाद उसने महिला और उसके पति के बीच भी तलाक करवा दिया और उसे अपने पास रहने के लिए मजबूर किया। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर बुधवार को महिला आश्रम से भाग निकली और पुलिस से जाकर शिकायत कर दी।


