
प्रेमी के साथ भागी महिला, याद में रोती थी 6 साल की बेटी; नाना-नानी ने मार डाला
पुलिस के हवाले से बताया कि नवजात की मां तीसरी बार शादी करने के बाद अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। भागने से पहले वह बच्ची को नाना-नानी के पास छोड़ गई थी। इसके बाद वह बच्ची मां की याद में लगातार रोती थी, जिसके चलते नाना-नानी परेशानी में थे।
पंजाब के जालंधर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग दंपति ने 6 महीने की बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बुजुर्ग बच्ची के नाना और नानी हैं। खबर है कि बच्ची की मां उसे नाना-नानी के पास छोड़कर भाग गई थी। पुलिस ने बताया है कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने पुलिस के हवाले से बताया कि नवजात की मां तीसरी बार शादी करने के बाद अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। भागने से पहले वह बच्ची को नाना-नानी के पास छोड़ गई थी। इसके बाद वह बच्ची मां की याद में लगातार रोती थी, जिसके चलते नाना-नानी परेशानी में थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपियों की पहचान तरसेम सिंह और दिलजीत कौर के तौर पर हुई है। वहीं, नवजात की मां की पहचान मनिंदर के तौर पर हुई।
रोने से परेशान होकर दोनों ने नवजात का गला दबा दिया और हाईवे पर शव फेंक दिया। जब पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, तो दोनों ने वारदात कबूल की। जालंधर ग्रामीण एसपीडी सरबजीत राय ने कहा कि नाना नानी को गिरफ्तार कर लिया गया है।



