भाजपा का विरोध करती थीं सायोनी घोष, अब मांगेंगी वोट; ममता के खिलाफ लगाएंगी नारे

लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share

लोकसभा सांसद सायोनी घोष अब पश्चिम बंगाल में एकदम नई भूमिका में नजर आ सकती हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी का खुलकर विरोध करने वालीं सायोनी घोष अब भाजपा के लिए वोट मांगती नजर आ सकती हैं। हालांकि, NCPI ने नाम का ऐलान नहीं किया है।

Saayoni Ghosh
सायोनी घोष नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर भाजपा के लिए प्रचार करती नजर आ सकती हैं। (ANI Photo/Rahul Singh)

सायोनी घोष अब भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार करती नजर आ सकती हैं। इसकी वजह है कि नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया ने नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा के समर्थन में प्रचार का ऐलान किया है। हालांकि, अब तक पार्टी ने नेताओं के नाम का ऐलान नहीं किया है। खास बात है कि यह घोषणा ऐसे समय पर हुई है, जब अरूप रॉय की डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस ने भी मैदान में अपना उम्मीदवार उतारा है।

NCPI ने खुद को एनडीए यानी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस का सबसे बड़ा पार्टनर करार दिया है। उसने कहा, 'चूंकि हमारे पास कोई भी उम्मीदवार नहीं है, तो हमने भाजपा के समर्थन में प्रचार का फैसला किया है। NDA में हम भाजपा के बाद सबसे बड़े दल हैं।' एनसीपीआई में कुल 20 सांसद हैं। ममता बनर्जी से अलग होने के बाद सभी बागी सांसदों ने पार्टी में विलय कर लिया था।

NCPI का क्या है प्लान

एबीपी से बातचीत में पार्टी अध्यक्ष ज्योति प्रकाश चटर्जी ने कहा, 'NCPI एनडीए में भाजपा के बाद सबसे बड़ा साझेदार है। जिस तरह से हमारे मुख्यमंत्री राज्य के लिए काम कर रहे हैं, जिस तरह से हमारे प्रधानमंत्री काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि लंबे समय से जो टकराव की स्थिति बनी हुई थी, उससे राज्य के लोगों को अब छुटकारा मिलना चाहिए। इसलिए, अगर हमारे सभी सांसद मिलकर काम करें, तो राज्य की स्थिति बेहतर होगी। अब टकराव का समय नहीं है, बल्कि साथ मिलकर काम करने का समय है।'

उन्होंने आने वाले समय में बड़ी बैठक की भी घोषणा की है। चटर्जी ने कहा, 'ऑल इंडिया NDA की लीडरशिप के साथ बैठक होगी, जिसमें राज्य से हमारे माननीय मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे।'

गठबंधन से इनकार

भाजपा ने साफ कर दिया है कि इसका मतलब यह नहीं है कि कोई गठबंधन हो सकता है। प्रदेश प्रवक्ता सायंतन बसु ने कहा, 'यह अच्छी बात है कि एनसीपीआई ने भाजपा के लिए प्रचार करने का फैसला किया है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि बंगाल में भाजपा और एनसीपीआई का कोई चुनावी गठबंधन हो सकता है या भविष्य में किसी भी तरह से सीटों का बंटवारा हो सकता है।'

अलग ही तैयारी में बागी विधायकों का गुट

इधर डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस ने उपचुनाव को ममता बनर्जी के खिलाफ सीधी लड़ाई मान लिया है। पार्टी के नेता संदीपन साहा ने नंदीग्राम उपचुनाव के बारे में कहा, 'यह चुनाव साबित कर देगा कि असली तृणमूल हम हैं, क्योंकि ममता गुट की उम्मीदवार मुकाबले से पीछे हट गई हैं।' बागी गुट ने नंदीग्राम से मोहम्मद एतेशामुल हक को अपना उम्मीदवार बनाया है।

वहीं, कांग्रेस भी राज्य में तृणमूल कांग्रेस में टूट का फायदा लेने की तैयारी में दिख रही है। पीटीआई भाषा के अनुसार, कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने कहा, 'ग्रेस को अब तृणमूल की जगह लेने की कोशिश करनी चाहिए। हमें अल्पसंख्यक मतदाताओं सहित उन सभी लोगों के लिए स्वाभाविक पसंद के रूप में उभरना चाहिए, जो भाजपा विरोधी हैं।'

कब हैं नंदीग्राम में उपचुनाव

नंदीग्राम और रेजीनगर सीट के लिए उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। ECI यानी भारत निर्वाचन के कार्यक्रम के अनुसार, सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। 2026 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। जबकि, रेजीनगर आम जनता उन्नयन पार्टी को मिली थी।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsभाजपा का विरोध करती थीं सायोनी घोष, अब मांगेंगी वोट; ममता के खिलाफ लगाएंगी नारे