क्या फिर दिल्ली विश्वविद्यालय जाएंगे पीएम मोदी? मोतीबाग हादसे पर अभिजीत दीपके ने पूछे सवाल
दिल्ली के मोतीबाग में हॉस्टल की इमारत ढहने के बाद अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली विश्वविद्यालय दौरे पर भी सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि क्या पीएम मोदी फिर से डीयू जाकर बताएंगे कि यह हादसा क्यों हुआ।

दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर में एक हॉस्टल की इमारत गिरने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। मलबा हटाने और लोगों को तलाशने का अभियान अब भी चलाया जा रहा है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर सवालों की झड़ी लगा दी है। वहीं उन्होंने दिल्ली के एसआरसीसी कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विश्वविद्यालय जाकर भाषण दिया और दिमागी नक्सल शब्द को दोहराया। वहीं शिक्षण संस्थानों के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं कहा। दीपके ने कहा , क्या अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से दिल्ली विश्वविद्यालय जाएंगे और बताएंगे कि मोतीबाग का हादसा कैसे हुआ?
दीपके ने कहा, साउथ कैंपस की इमारत गिर गई। बहुत सारे छात्र मलबे में दबे हैं। अब तक सही पता नहीं है कि कितने लोग मारे गए। आखिर कब तक इस देश के छात्र लापरवाही का नतीजा भुगतते रहेंगे। आदिवासी इलाकों में छात्र लापरवाही के चलते मारे जा रहे हैं। अब तो राजधानी दिल्ली में भी पढ़ने वाले छात्र सुरक्षित नहीं हैं।
गोवा में बीजेपी भवन का उद्घाटन, दीपके ने किया हमला
गृह मंत्री अमित शाह गोवा में नए बीजेपी भवन का उद्घाटन करने वाले हैं। इसको लेकर भी कॉकरोच पार्टी के संयोजक ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शाह गोवा में नए बीजेपी भवन का उद्घाटन करने वाले हैं। लेकिन देशभर में शैक्षणिक संस्थानों में इन्फ्रास्ट्रक्चर की कमी वजह से छात्रों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक सत्य निकेतन की संकरी गली में इस इमारत का इस्तेमालपीजी के तौर पर किया जा रहा था। एम्स की रिपोर्ट के मुताबिक 10 घायलों को वहां भर्ती करवाया गया है। जबकि मलबे में तलाशी का अभियान देर तक चलाया गया। अब तक 6 मौतों की पुष्टि हो चुकी है। एम्स ने बताया, ''चार लोगों को मृत अवस्था में लाया गया जबकि गंभीर हालत में लाए गए एक मरीज ने बाद में दम तोड़ दिया। तीन मरीज भर्ती हैं और उनका इलाज हो रहा है। एक मरीज की सर्जरी हुई है और एक अन्य मरीज को मामूली चोट आई थी, उसे निगरानी के बाद छुट्टी दे दी गई।''
पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में इमारत के मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया, ''यह इमारत पेइंग गेस्ट (पीजी) के रूप में इस्तेमाल हो रही थी। आरोप है कि भूतल पर मरम्मत का काम हो रहा था जिसके कारण इमारत ढह गई। आरोपित लोगों की तलाश के लिए कई टीम गठित की गई हैं।''
जब बचाव दल मलबे को हटाकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे थे तो स्थानीय लोग और प्रत्यक्षदर्शी भी इस मुश्किल प्रयास में उनके साथ शामिल हो गए। उन्होंने अपने हाथों और उपलब्ध औजारों की मदद से मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की।

