क्या अब से हर रविवार को बंद रहेंगे पेट्रोल पंप? इन दावों पर क्या बोला PIB

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share

सरकारी तेल कंपनियों ने चार वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संशोधन करते हुए दोनों ईंधनों के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

क्या अब से हर रविवार को बंद रहेंगे पेट्रोल पंप? इन दावों पर क्या बोला PIB

भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं। सरकारी तेल कंपनियों ने चार सालों के बाद दामों में इजाफा किया है। खास बात है कि बढ़ी कीमतें ऐसे समय पर आई हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईंधन बचाने के लिए उपाय करने पर जोर दे रहे हैं। इसी बीच एक वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि पीएम की अपील के बाद कुछ राज्यों में रविवार को पेट्रोल पंप बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि, पड़ताल में सच्चाई कुछ और निकली।

सोशल मीडिया पोस्ट का दावा

वायरल पोस्ट के अनुसार, 'रविवार को ईंधन नहीं मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने की अपील के बाद इंडियन पेट्रोल डीलर्स एग्जीक्यूटिव कमेटी ने फैसला किया है कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, महाराष्ट्र और हरियाणा में हर रविवार को पेट्रोल बंक हर रविवार को बंद रखे जाएंगे।'

PIB ने किया खंडन

प्रेस इंफर्मेशन ब्यूरो की फैक्ट चेक यूनिट ने वायरल पोस्ट के स्क्रीनशॉट को शेयर किया है। साथ ही लिखा है, 'सोशल मीडिया पर यह दावा करती हुई पोस्ट वायरल हो रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने के अपील के बाद पेट्रोल पंप कुछ राज्यों में रविवार को बंद रहेंगे। यह दावा झूठा है।' साथ ही कहा है कि सिर्फ आधिकारिक स्त्रोतों पर ही भरोसा करें।

कितना महंगा हुआ पेट्रोल और डीजल

सरकारी तेल कंपनियों ने चार वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संशोधन करते हुए दोनों ईंधनों के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। पीटीआई भाषा ने लिखा कि सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। पश्चिम एशिया संघर्ष के बाद वैश्विक ऊर्जा कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी को देखते हुए जितनी वृद्धि की आवश्यकता थी, यह बढ़ोतरी उसका लगभग दसवां हिस्सा ही है।

सूत्रों ने बताया कि सरकारी तेल कंपनियों ने बढ़ती लागत के बावजूद 11 सप्ताह तक ईंधन कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया, लेकिन जब संचालन आर्थिक रूप से अस्थिर होने लगा तो लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालना पड़ा। वार्ता के अनुसार, 28 फरवरी को पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद ब्रांडेड डीजल की कीमत दूसरी बार बढ़ाई गयी है। इससे पहले मार्च में इसमें दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।

खास बात है कि RBI यानी रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने पहले ही चेता दिया था कि अगर पश्चिम एशिया युद्ध लंबा चलता है, तो पेट्रोल और डीजल महंगे हो सकते हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने भी कहा था कि तेल कंपनियों को भारी घाटा हो रहा है।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें