ममता बनर्जी जो सीट खुद नहीं जीतीं, वहां से TMC नेता भी भाग लिए; फाल्टा वाला झटका?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने साल 2026 विधानसभा चुनाव में भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट को बनाए रखा और नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी। अब यहां 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है।

Where is Mamata Banerjee
ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी के अब दो गुट बन चुके हैं और अब तक किसी ने उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। (ANI Photo)

तीन महीने पहले की ही बात है। पश्चिम बंगाल विधानसभा की सभी सीटों पर वोटिंग हो चुकी थी और फाल्टा में मतदान होना बाकी था। तृणमूल कांग्रेस राज्य गंवाने के बाद गढ़ बचाने के मूड में थी। अचानक वोटिंग के दो दिन पहले पार्टी को झटका लगता है और बाहुबली उम्मीदवार जहांगीर खान उर्फ पुष्पा नाम वापस ले लेते हैं। नतीजा होता है कि सीट पर कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और लेफ्ट के बीच मुकाबला हुआ और भाजपा जीत गई। अब ऐसे ही संकट नंदीग्राम सीट पर भी ममता बनर्जी के तैयार होता नजर आ रहा है, जहां 6 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए वोटिंग होना है।

नंदीग्राम सीट कई मायनों में पश्चिम बंगाल की हाइ प्रोफाइल सीट है। इसकी शुरुआत राज्य में टीएमसी के उदय से भी होती है। साल 2007 में यहां भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन हुआ था, जिसमें ममता बनर्जी ने बड़ी भूमिका निभाई थी। दूसरी वजह, यह टीएमसी सुप्रीमो का गढ़ भी रहा है। तीसरी और चौथी वजह एक है कि 2021 और 2026 विधानसभा चुनाव के बाद यह भाजपा के लिए मजबूत सीट बन गई है। शुभेंदु अधिकारी ने यहां से दोनों पूर्व करीबियों को हराया है। पहले ममता बनर्जी और फिर पवित्र कर को।

फाल्टा जैसा होगा हाल

फाल्टा में चुनाव आयोग ने वोटिंग रद्द कर दी थी और नई तारीख दी थी। जब तक यहां चुनाव की तैयारियां हुईं, तब तक टीएमसी बंगाल का किला गंवा चुकी थी। अब उम्मीद थी कि भतीजे अभिषेक बनर्जी के करीबी और इलाके के बाहुबली जहांगीर खान सीट को बचाए रखेंगे, लेकिन घटनाक्रम टीएमसी के पक्ष में नहीं हुए और खान ने वोटिंग के ठीक पहले नाम वापस ले लिया।

क्यों अहम थी फाल्टा सीट

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से सांसद हैं और फाल्टा सीट उनके ही क्षेत्र में आती है। यह साल 2011 से ही टीएमसी का गढ़ था। वहीं, 2026 का चुनाव 'पुष्पा' के जिक्र के चलते और साख की लड़ाई में तब्दील हो गया था। खान के नाम वापस लेने के बाद एक ओर जहां भाजपा ने तंज कसना शुरू कर दिए थे। वहीं, टीएमसी ने इसे जहांगीर का निजी फैसला करार दिया था।

नंदीग्राम में क्यों बन रहे हैं ऐसे हालात

नंदीग्राम में स्थिति अभी फाल्टा की तरह नहीं हुई है। चुनाव में अभी समय है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी उम्मीदवारों को तलाशने में मुश्किलों का सामना कर रही है। हालांकि, ये महज अटकलें ही हैं और अब तक इसे लेकर किसी ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। पहला संकेत मंगलवार को हुई डीएम की बुलाई सर्वदलीय बैठक से मिला, जिसमें टीएमसी को छोड़कर सभी दल पहुंचे। इसके बाद चर्चाएं शुरू हो गईं कि क्या पार्टी उम्मीदवार उतारने वाली है या नहीं।

दूसरा संकेत पार्टी के ही वरिष्ठ नेताओं का चुनाव से साफतौर पर दूरी बना लेना है। टीएमसी से लंबे समय से जुड़े अबू ताहेर ने कहा दिया कि यहां से ममता बनर्जी को खुद ही चुनाव लड़ना चाहिए और 'मैं क्यों लड़ूं।' इतना ही नहीं यहां से उम्मीदवारी को टीएमसी नेता बली का बकरा बनाया जाना मान रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'टीएमसी के सत्ता में रहने के 15 वर्षों के दौरान मुझे क्या मिला? इन 15 वर्षों में मुझे कभी भी टीएमसी का उम्मीदवार नहीं माना गया। मुझे अयोग्य समझा गया। फिर अब मुझे बलि का बकरा बनाने के लिए क्यों चुना जाना चाहिए?' उन्होंने साफ कर दिया है कि अगर पार्टी कहती भी है, तो भी वह चुनाव लड़ने से इनकार कर देंगे।

तीसरी संकेत, हाल ही में हुई विधायक दल की टूट से मिल रहे हैं। टीएमसी दो गुटों में बट चुकी है, जिसमें एक की अगुवाई ऋताब्रत बनर्जी कर रहे हैं और दूसरे को कालीघाट टीएमसी कहा जाने लगा है। हालांकि, पार्टी का नाम और चिह्न अब भी ममता बनर्जी वाले गुट के पास ही है।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsममता बनर्जी जो सीट खुद नहीं जीतीं, वहां से TMC नेता भी भाग लिए;फाल्टा वाला झटका?