क्या भारत और रूस के बीच चलने वाली है सीधी ट्रेन, कब तक मिल सकती है खुशखबरी?
संभावित रेल मार्ग तुर्कमेनिस्तान, ईरान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होकर भारत तक पहुंच सकता है। अगर ऐसा मार्ग बनता है तो रूस से भारत के बीच सामान भेजने के लिए समुद्री रास्ते पर निर्भरता कम हो सकती है।

रूस ने भारत तक सामान पहुंचाने के लिए नया रेल मार्ग बनाने की संभावना पर विचार करने की बात कही है। रूस के उपप्रधानमंत्री मराट खुसनुलिन ने समाचार एजेंसी तास को दिए इंटरव्यू में कहा कि रूस से हिंद महासागर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी की संभावनाएं तलाशनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बोस्फोरस और होर्मुज स्ट्रेट से होकर सामान भेजने में आने वाले जोखिम को देखते हुए दूसरे रास्तों की जरूरत हो सकती है। रूस से भारत तक पहुंचने वाला कोई भी व्यावहारिक रास्ता इस दिशा में उपयोगी हो सकता है।
मराट खुसनुलिन के मुताबिक, संभावित रेल मार्ग तुर्कमेनिस्तान, ईरान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होकर भारत तक पहुंच सकता है। अगर ऐसा मार्ग बनता है तो रूस से भारत के बीच सामान भेजने के लिए समुद्री रास्ते पर निर्भरता कम हो सकती है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार को भी बढ़ावा मिल सकता है। हालांकि, अभी यह केवल एक प्रस्ताव है और इस रेल मार्ग को बनाने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इतने देशों से होकर रेल लाइन बनाना आसान नहीं होगा। इसके लिए सभी देशों की सहमति, सुरक्षा व्यवस्था और रेल नेटवर्क को जोड़ने की जरूरत होगी।
रेलवे नेटवर्क की क्यों पड़ी जरूरत
रूस का यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है और होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को लेकर खतरा बढ़ गया है। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस परिवहन मार्गों में से एक है। बड़ी मात्रा में तेल और गैस इसी रास्ते से दूसरे देशों तक पहुंचती है। अगर यहां लंबे समय तक परेशानी रहती है तो इसका असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा की कीमतों पर पड़ सकता है। ऐसे में रूस भारत तक पहुंचने के लिए जमीन के रास्ते को एक वैकल्पिक विकल्प के रूप में देख रहा है।
रेलवे नेटवर्क से क्या होगा फायदा
रूस और भारत पहले से ही अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे के जरिए व्यापार बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इस व्यवस्था में रूस से ईरान होते हुए भारत तक सामान पहुंचाने की योजना है। रूस और ईरान के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने पर भी काम चल रहा है। नया प्रस्ताव इसी व्यवस्था को और आगे बढ़ाने की कोशिश माना जा सकता है। अगर भविष्य में रूस से भारत तक बेहतर रेल संपर्क बनता है तो दोनों देशों के बीच माल ढुलाई तेज और आसान हो सकती है। इससे भारत और रूस के व्यापारिक संबंधों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

