पत्नी रच रही थी भाजपा नेता की हत्या की साजिश, बाइक जलने से खुल गई पोल
शुरुआत में पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या यह घटना गणेश चतुर्थी के फ्लेक्स बैनर को लेकर हुए किसी स्थानीय विवाद से जुड़ी है। लेकिन इसके लिए तत्काल कोई ठोस सबूत नहीं मिले।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की हत्या की साजिश रचने का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने जांच के दौरान कई बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस ने भाजपा नेता की हत्या के आरोर में उनकी पत्नी सहित पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, 13 सितंबर को बीजेपी मंडल अध्यक्ष मुनिराजू की मोटरसाइकिल में रात के समय आग लगा दी गई थी। उन्होंने थाने जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने इसे एक सामान्य मामले की तरह जांचना शुरू किया।
शुरुआत में पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या यह घटना गणेश चतुर्थी के फ्लेक्स बैनर को लेकर हुए किसी स्थानीय विवाद से जुड़ी है। लेकिन इसके लिए तत्काल कोई ठोस सबूत नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। मोटरसाइकिल में आग लगाने के मामले में पांच युवकों साई, उदय किरण, लीला कृष्णा, पृथ्वीराज और हरीश की पहचान हुई। आपको यह बता दें कि यह घटना आंध्र प्रदेश की है।
किसके संपर्क में थी भाजपा नेता की पत्नी?
पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया। इन्होंने पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल में आग लगाने की बात स्वीकार कर ली। मामले में असली मोड़ तब आया जब जांच का दायरा मुनिराजू की पत्नी प्रशांति तक पहुंचा। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पत्नी अपने पति की हत्या की एक बड़ी साजिश में शामिल थी। सोशल मीडिया खंगालने से पुलिस को से पता चला कि प्रशांति मुख्य आरोपियों में से एक साई के साथ लगातार संपर्क में थी और अपने पति की हर गतिविधि और लोकेशन उसके साथ साझा कर रही थी।
इससे पहले भी कई मौकों पर रची साजिश
पुलिस ने बताया कि प्रशांति और अन्य आरोपियों ने कई मौकों पर मुनिराजू पर जानलेवा हमला करने की योजना बनाई और उस पर चर्चा की थी। हालांकि हत्या की इन योजनाओं को अंजाम नहीं दिया जा सका था। मोटरसाइकिल को आग लगाने की घटना को भी इसी साजिश के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।
सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशांति, साई, उदय किरण, लीला कृष्णा, पृथ्वीराज और हरीश को गिरफ्तार कर लिया। सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

