पत्नी ने अपने पिता के पैसों से खरीदा घर, क्या पति होगा मालिक? हाईकोर्ट ने दे दिया बड़ा फैसला

लाइव हिन्दुस्तान, तिरुवनंतपुरम
Follow us on Google News
share

केरल हाईकोर्ट ने संयुक्त नाम पर खरीदी गई जमीन और मकान पर पत्नी को विशेष स्वामित्व दिया। संपत्ति खरीदने की रकम पत्नी के पिता ने दी थी। कोर्ट ने पति को तीन महीने में घर खाली करने का निर्देश दिया।

घर खरीदने के पैसे पिता ने दिए, नाम पति का भी जुड़ा था; हाईकोर्ट ने पत्नी को बताया असली मालिक
घर खरीदने के पैसे पिता ने दिए, नाम पति का भी जुड़ा था; हाईकोर्ट ने पत्नी को बताया असली मालिक

अगर पत्नी अपने पिता के पैसों से पति के साथ मिलकर घर या अन्य प्रॉपर्टी खरीदती है तो उस पर मालिकाना हक किसका होगा? इस मसले पर हाईकोर्ट ने बड़ा अहम फैसला सुनाया है। केरल हाईकोर्ट ने संपत्ति से जुड़े एक वैवाहिक विवाद में अहम फैसला सुनाते हुए पत्नी को उस मकान और जमीन का एकमात्र मालिक घोषित किया है, जिसे पति-पत्नी के संयुक्त नाम पर खरीदा गया था। कोर्ट ने पाया कि संपत्ति खरीदने के लिए पूरी रकम पत्नी के पिता ने दी थी और यह रकम बेटी के हित में दी गई थी।

हाईकोर्ट ने पति को तीन महीने के भीतर घर खाली करने का निर्देश भी दिया है। यह फैसला जस्टिस सतीश निनान और जस्टिस पी. कृष्ण कुमार की डिवीजन बेंच ने सुनाया। कोर्ट ने फैमिली कोर्ट के पहले के आदेश में बदलाव करते हुए पत्नी के संपत्ति पर विशेष अधिकार को स्वीकार किया।

पिता के खाते से निकले थे 25 लाख रुपये

मामले में पत्नी ने दावा किया था कि पति-पत्नी के संयुक्त नाम पर खरीदी गई जमीन और मकान के लिए रकम उसके पिता ने उपलब्ध कराई थी। इस दावे के समर्थन में पत्नी के पिता ने बैंक स्टेटमेंट पेश किया। इसमें बिक्री विलेख (Sale Deed) के निष्पादन वाले दिन उनके खाते से 25 लाख रुपये डेबिट होने की जानकारी थी।

दूसरी ओर, पति का दावा था कि संपत्ति खरीदने में उसने भी रकम दी थी। उसका कहना था कि यह पैसा उसके विदेश में काम कर चुके साले ने उसे दिया था। हालांकि, पति न तो उस व्यक्ति को कोर्ट में गवाह के तौर पर पेश कर सका और न ही ऐसे दस्तावेज पेश कर पाया, जिनसे रकम के स्रोत या उसे भारत लाए जाने की बात साबित होती।

फैमिली कोर्ट ने पहले दिया था 15 लाख रुपये का अधिकार

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, फैमिली कोर्ट ने माना था कि संपत्ति खरीदने के लिए पूरी रकम पत्नी के पिता ने जुटाई थी। हालांकि, उसने पति के कथित आधे हिस्से के बदले पत्नी को 15 लाख रुपये दिए जाने का आदेश दिया था। पति ने इस फैसले को चुनौती दी। उसकी दलील थी कि बिक्री विलेख में संपत्ति की कीमत 7.58 लाख रुपये दर्ज है, इसलिए 15 लाख रुपये का आधे हिस्से के रूप में दिया गया आदेश उचित नहीं था।

पति की ओर से भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 92 का भी हवाला दिया गया। तर्क था कि बिक्री विलेख में दर्ज रकम से अलग किसी अन्य रकम को साबित करने के लिए मौखिक या अन्य सबूतों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

हाईकोर्ट ने कहा- फैमिली कोर्ट के पास सबूत स्वीकार करने की विशेष शक्ति

केरल हाईकोर्ट ने इस दलील पर फैमिली कोर्ट एक्ट की धारा 14 का उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि इस प्रावधान के तहत फैमिली कोर्ट ऐसे किसी भी रिपोर्ट, बयान, दस्तावेज, सूचना या सामग्री को सबूत के तौर पर स्वीकार कर सकता है, जो विवाद को प्रभावी ढंग से सुलझाने में उसकी मदद करे।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इसका मतलब यह नहीं है कि फैमिली कोर्ट सबूतों के सामान्य नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज कर सकता है। ऐसे मामलों में सबूतों की विश्वसनीयता और उनकी प्रमाणिकता को तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर सावधानी से परखा जाना जरूरी है।

सिर्फ संयुक्त नाम से संपत्ति पर दोनों का बराबर अधिकार नहीं

हाईकोर्ट ने इस बात पर भी विचार किया कि संपत्ति पति और पत्नी दोनों के नाम पर दर्ज थी। कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामले में लेनदेन के पीछे की मंशा आसपास की परिस्थितियों से समझी जानी चाहिए। इसके लिए पक्षकारों के बीच संबंध, उनका आचरण, संपत्ति खरीदने के लिए रकम का स्रोत, संपत्ति पर कब्जा और टाइटल दस्तावेजों की कस्टडी जैसी बातों को देखा जा सकता है।

कोर्ट ने ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की धारा 45 का भी उल्लेख किया। इसके मुताबिक, विपरीत कॉन्ट्रैक्ट न होने पर संपत्ति ट्रांसफर में जिन लोगों के पक्ष में संपत्ति ट्रांसफर की गई है, उनका हित उनके द्वारा दी गई रकम के अनुपात में माना जाता है। इस मामले में हाईकोर्ट ने पाया कि पूरी रकम पत्नी के पिता ने उसकी भलाई और उसके हित के लिए उपलब्ध कराई थी।

पत्नी को मिली पूरी संपत्ति की मिल्कियत

हाईकोर्ट ने कहा कि मामले में पेश किए गए दावों और सबूतों से मूल रूप से पत्नी का दावा पूरी संपत्ति पर विशेष अधिकार का था। कोर्ट ने कहा कि फैमिली कोर्ट की कार्यवाही की प्रकृति को देखते हुए वह न्याय पूरा करने के लिए राहत के स्वरूप में बदलाव कर सकता है। इसके बाद हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के आदेश को संशोधित करते हुए 2.8 एर जमीन और उस पर बने मकान पर पत्नी का विशेष स्वामित्व घोषित कर दिया।

साथ ही पति को संपत्ति खाली करने के लिए तीन महीने का समय दिया गया। हाईकोर्ट ने पति की अपील खारिज कर दी, जबकि पत्नी की अपील को आंशिक रूप से स्वीकार किया। फैमिली कोर्ट की ओर से पति के कथित हिस्से के लिए दिए गए 15 लाख रुपये के आदेश को भी इसी के अनुसार संशोधित कर दिया गया।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsपत्नी ने पिता के पैसों से खरीदा घर, क्या पति होगा मालिक? HC ने दिया बड़ा फैसला