अभिजीत दीपके के गुरु 5 हजार मुचलके पर रिहा, आशुतोष रांका और दास तिहाड़ पहुंचे
कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं के खिलाफ बुधवार को बड़ा एक्शन हुआ है। उन्हें पांच दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, संस्थापक सदस्य अभिजीत दीपके अपने गृह नगर में हैं। जबकि, अजिंक्य शिंदे को बेल बॉन्ड साइन करने के बाद छोड़ दिया गया।

सौरभ दास और आशुतोष रांका को 5 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि, कॉकरोच जनता पार्टी के ही एक और नेता अजिंक्य शिंदे को बॉन्ड पर साइन कर जाने दिया गया है। बुधवार को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने फैसला सुनाया है। खबर है कि इसके बाद रांका और दास को तिहाड़ भेजा जाएगा। दोनों नेताओं के खिलाफ जंतर मंतर में प्रवेश करने को लेकर कार्रवाई हुई है।
खास बात है कि सौरभ दास और आशुतोष रांका के खिलाफ कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है, जब पार्टी बड़े स्तर पर प्रदर्शन की योजना बना रही थी। फिलहाल, पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके अपने घर पर हैं। वह दादी के निधन के बाद गृह नगर छत्रपति संभाजीनगर वापस लौट गए थे।
सौरभ दास और आशुतोष रांका पर एक्शन क्यों
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस का कहना है कि रांका और दास ने BNSS यानी भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता की धारा 163 का उल्लंघन किया है। साथ ही पुलिस ने उन्हें रिपीट ऑफेंडर भी करार दिया है। इसके अलावा मजिस्ट्रेट के सामने दोनों सीजेपी नेताओं के पिछड़े आचरण का भी जिक्र किया गया था। खास बात है कि दोनों पर बेल बॉन्ड की शर्तों को तोड़ने के भी आरोप हैं।
अजिंक्य शिंदे को जाने दिया
खास बात है कि अजिंक्य शिंदे को सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके का मेंटर या गुरु माना जाता है। हाल ही में एक वीडियो कॉल की फुटेज सामने आई थी, जिसमें रांका, दीपके और शिंदे बात करते नजर आ रहा थे। खबरें हैं कि तीनों ही नेता इससे पहले ही आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। वहीं, दीपके और शिंदे सीजेपी के बनने से पहले ही साथ रहे हैं। अजिंक्य शिंदे को 5 हजार रुपये के निजी बॉन्ड पर रिहा किया गया है। साथ ही 6 महीने तक शांति बनाए रखने की शर्त भी रखी है।
उन्होंने कहा, 'आज आशुतोष, सौरभ दास, मैं और हमारे साथ सीजेपी के वॉलिंटियर्स जंतर मंतर की ओर गए थे। हमने बस भारत का झंडा लहराया और भारत माता की जय बोला, तो इसके लिए तानाशाही सरकार ने पांच दिन के लिए सौरभ और आशु को जेल भेज दिया है। ये तानाशाही सरकार का अंत होकर रहेगा। आज आशुतोष का जन्मदिन था और जन्मदिन पर उसने भारत माता की जय और तिरंगा का झंडा लहराने के लिए जेल भेज दिया है।'
तीनों पर हुए केस
खबरें हैं कि पुलिस ने तीनों के खिलाफ जबरन प्रवेश करने, निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने, शांति बनाए रखने के लिए दिए गए मुचलके की शर्तों का उल्लंघन करने और लोक सेवक को उसके आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने सहित कई आरोपों में मामला दर्ज किया था। खास बात है कि बीते सप्ताह रांका और दास को हिरासत में ले लिया गया था। तब दोनों ने मुचलके पर साइन किए थे, जिसमें एक साल तक शांति बनाए रखने की बात कही गई थी।
जंतर मंतर पर क्यों है बवाल
दरअसल, 11 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने एक आदेश जारी किया था। इसके तहत राजधानी दिल्ली में तीन नए प्रदर्शन स्थलों की जानकारी दी गई थी। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान शामिल हैं। जबकि, जंतर मंतर को सूची से हटा लिया गया था। अब सीजेपी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी। वहीं, दोनों नेता और अन्य कई कार्यकर्ता जंतर मंतर पहुंच गए थे और प्रदर्शन किया था।
बड़े प्रदर्शन की थी तैयारी
हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में रांका ने बताया था कि सीजेपी नई रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा था कि 10 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन की विस्तार से समीक्षा की जा रही है और इसके बाद पार्टी अलग रणनीति के साथ वापसी करेगी। उन्होंने बताया था कि सीजेपी के प्रदेश संयोजक और पार्टी पदाधिकारी विरोध प्रदर्शन पर चर्चा के लिए पहले ही मुलाकात कर चुके हैं।
पुलिस से अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में उन्होंने कहा था, 'उन्हें जवाब देने दीजिए। हमें दिल्ली पुलिस पर अभी थोड़ा भरोसा बाकी है। मुझे पता कि बीते कुछ महीनों में उन्होंने ऐसा कोई काम नहीं किया है, जिससे भरोसा रहे, लेकिन देखते हैं कि वह 24 घंटे में क्या जवाब देते हैं।' खास बात है कि सोमवार को सीजेपी नेता दास और रांका पुलिस स्टेशन पहुंचे थे और प्रदर्शन पर जवाब देने के लिए 24 घंटों का समय दिया था।


