अजीत पवार के बेटे पार्थ को FIR में क्यों नहीं बनाया आरोपी? जब महाराष्ट्र DGP पर भड़के HC के जज
कोर्ट ने पुणे के तहसीलदार सूर्यकांत येवले को गिरफ्तारी से पहले जमानत दे रही थी। येवले पर आरोप था कि उन्होंने अपने आधिकारिक पद का गलत इस्तेमाल करके इस विवादित सौदे को आसान बनाया।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने गुरुवार को महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार को लेकर महाराष्ट्र पुलिस से तीखे सवाल पूछे। जज ने पुणे के विवादित जमीन सौदे के मामले में राज्यसभा सांसद को आरोपी नहीं बनाने के पुलिस के फैसले पर सवाल उठाया। आपको बता दें कि इस मामले में जिस कंपनी ने मुंढवा जैसे पॉश इलाके में सरकारी जमीन का एक टुकड़ा बहुत कम कीमत पर खरीदा था उसमें पार्थ पवार की 99% हिस्सेदारी थी।
जस्टिस माधव जामदार की बेंच ने महाराष्ट्र के डीजीपी सदानंद दाते से कहा, "जांच अधिकारी के तौर पर आपका यह रुख कैसा है कि जिस व्यक्ति के पास 99% शेयरहोल्डिंग है वह जिम्मेदार नहीं है। आरोपी वह व्यक्ति है जिसके पास 1% शेयरहोल्डिंग है। क्या 99% शेयर रखने वाले पार्थ पवार इस सौदे से फायदा उठाने वाले नहीं हैं?"
तहसीलदार को कोर्ट ने दी जमानत
कोर्ट ने पुणे के तहसीलदार सूर्यकांत येवले को गिरफ्तारी से पहले जमानत दे रही थी। येवले पर आरोप था कि उन्होंने अपने आधिकारिक पद का गलत इस्तेमाल करके इस विवादित सौदे को आसान बनाया। येवले ने सौदे में किसी भी भूमिका से इनकार किया है और दावा किया है कि उन्हें झूठा फंसाया गया है।
कौन हैं दिग्विजय पाटिल?
कोर्ट ने जिस 1% शेयरहोल्डर का जिक्र किया वह दिग्विजय पाटिल हैं। वह पुणे की कंपनी अमाडिया एंटरप्राइजेज LLP में पार्टनर हैं, जो इस विवाद के केंद्र में है। सुनेत्रा पवार के बेटे पार्थ पवार की इस कंपनी में 99% हिस्सेदारी है, लेकिन FIR में उनका नाम शामिल नहीं किया गया था। महाराष्ट्र के DGP ने येवले की याचिका के जवाब में एक हलफनामा दायर किया। येवले ने अपनी याचिका में कहा था कि पवार को मामले में आरोपी इसलिए नहीं बनाया गया क्योंकि वह एक बहुत प्रभावशाली व्यक्ति थे। यह देख कोर्ट भड़क गया।
डीजीपी ने कोर्ट को दिलाया भरोसा
डीजीपी ने कोर्ट को यह भरोसा दिलाया कि उनका ऑफिस जांच की निगरानी करेगा। DGP के हलफनामे में कहा गया, "नामजद आरोपियों और दूसरे संदिग्धों के खिलाफ पूरी जांच पक्की करने के लिए पुणे शहर के पुलिस कमिश्नर को विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। मामले की संवेदनशीलता और जांच को लेकर जताई गई चिंताओं की वजह से पुणे पुलिस कमिश्नर को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे हर हफ्ते जांच की प्रगति की समीक्षा करें और छह हफ्ते बाद DGP के ऑफिस को रिपोर्ट सौंपें।''
आपको बता दें कि यह मामला मुंढवा में महार वतन की 40 एकड़ सरकारी जमीन को अमाडिया एंटरप्राइजेज द्वारा ₹300 करोड़ में हासिल करने की कथित कोशिशों से जुड़ा है। इस ज़मीन की कीमत ₹1,800 करोड़ है और इसके लिए ₹21 करोड़ की स्टाम्प ड्यूटी में छूट भी मांगी गई थी।

