नेहा बोरा को इतनी तवज्जो क्यों दे रहे राहुल गांधी? साथ दिखीं तो 'घर' में ही उठे सवाल
राहुल गांधी के साथ प्रदर्शन में नजर आईं AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा को कांग्रेस में मिल रही तवज्जो से NSUI के भीतर सवाल उठने लगे हैं। जानिए, वामपंथी छात्र नेताओं को अहमियत देने की रणनीति पर कांग्रेस में क्यों छिड़ी बहस और इसके पीछे क्या हैं सियासी मायने।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के मार्च में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की मौजूदगी ने कांग्रेस के भीतर नई बहस छेड़ दी है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की ओर निकले मार्च में नेहा बोरा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ नजर आईं। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी तस्वीर में जगह बनाने की कोशिश करते दिखे।
अब नेहा को लेकर कांग्रेस के अपने ही घर में सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, इस घटनाक्रम ने खास तौर पर कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के भीतर सवाल खड़े किए हैं। NSUI के कुछ लोगों को लगा कि प्रतिद्वंद्वी छात्र संगठन AISA की अध्यक्ष को जिस तरह प्रमुखता दी गई, उससे उनके अपने संगठन की अहमियत कम करके दिखाई गई।
हालांकि, कांग्रेस के कुछ नेताओं का मानना है कि यह कदम राजनीतिक रूप से अहम था। उनके मुताबिक, इससे प्रदर्शन के केंद्र में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन INDIA की भूमिका को मजबूती से पेश करने में मदद मिली। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे पार्टी की रणनीति, वामपंथी छात्र राजनीति से आने वाले नेताओं को मिलती जगह और कांग्रेस के सामाजिक आधार को व्यापक बनाने की कोशिश जैसे कई पहलू हैं।
CJP को आंदोलन का चेहरा बनने से रोकने की रणनीति?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के एक नेता ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर कहा कि नेहा बोरा को प्रमुखता देने के पीछे एक राजनीतिक रणनीति भी थी। उनके मुताबिक, इससे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को आंदोलनों के मुख्य केंद्र के रूप में खुद को पेश करने से रोकने में मदद मिली।
नेता ने कहा कि नेहा बोरा पहले CJP के साथ प्रदर्शनों और एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजर आई थीं। अब उनका कांग्रेस नेतृत्व के साथ दिखाई देना यह संदेश देता है कि इस संघर्ष में कांग्रेस और INDIA गठबंधन सबसे आगे हैं। इसी बीच, राहुल गांधी गुरुवार को NSUI, युवा कांग्रेस और सेवा दल के पदाधिकारियों व समन्वयकों के साथ चाय पर मुलाकात कर सकते हैं।
बुधवार को विपक्षी गठबंधन INDIA के दलों ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन स्थल का दर्जा खत्म किए जाने के बाद वहां प्रवेश करने की कोशिश के दौरान हिरासत में लिए गए CJP के वरिष्ठ नेताओं का मुद्दा भी उठाया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “छात्र, युवा, पत्रकार, INDIA गठबंधन। अलग-अलग बैनर, लेकिन मकसद एक। सभी प्रदर्शन संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे नागरिकों के हैं।” रिपोर्ट के मुताबिक, यह रुख कांग्रेस की उस कोशिश का हिस्सा है, जिसके तहत पार्टी अलग-अलग संगठनों और समूहों को साथ लाकर आंदोलन में अपनी भूमिका मजबूत करना चाहती है।
कांग्रेस में वामपंथी पृष्ठभूमि के नेताओं को मिलती रही है जगह
नेहा बोरा को मिल रही तवज्जो से कांग्रेस के भीतर असहजता की एक वजह पार्टी का वामपंथी छात्र संगठनों से आने वाले नेताओं के प्रति झुकाव भी है। रिपोर्ट के अनुसार, गांधी परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस में वामपंथी पृष्ठभूमि के कई लोगों को अहम जिम्मेदारियां मिली हैं।
इनमें AISA के नेता और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (JNUSU) के पूर्व अध्यक्ष संदीप सिंह, मोहित पांडे और अकबर चौधरी शामिल हैं। संदीप सिंह बाद में प्रियंका गांधी वाड्रा की टीम का हिस्सा बने। JNU में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) का नेतृत्व कर चुके प्रसेनजीत बोस भी अब कांग्रेस के साथ हैं। वहीं, JNUSU के एक अन्य पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार NSUI के प्रभारी हैं। कन्हैया की पृष्ठभूमि ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) से जुड़ी रही है
कन्हैया कुमार की भूमिका को लेकर भी हाल के दिनों में सवाल उठे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में हुए Gen Z आंदोलन के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र चुनावों में NSUI के खराब प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनों में कन्हैया को कथित तौर पर किनारे किए जाने की चर्चा हुई।
AISA के दस्तावेज में NSUI को बताया गया दक्षिणपंथी संगठन
रिपोर्ट में एक दिलचस्प विरोधाभास की ओर भी ध्यान दिलाया गया है। एक तरफ नेहा बोरा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ मंच साझा कर रही हैं और मंगलवार को INDIA गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी वक्ताओं में शामिल थीं। दूसरी तरफ, AISA की वेबसाइट पर NSUI को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ दक्षिणपंथी और जनविरोधी संगठनों की श्रेणी में रखा गया है।
AISA के घोषणापत्र वाले खंड में कहा गया है कि संगठन वर्षों से NSUI और ABVP जैसे छात्रविरोधी, जनविरोधी और दक्षिणपंथी संगठनों के खिलाफ संघर्ष करता रहा है। कांग्रेस के कुछ नेताओं को इसी वजह से AISA जैसे संगठनों से नेताओं को पार्टी में लाने की रणनीति पर आपत्ति है।
एक कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि जब NSUI जैसा बड़ा छात्र संगठन मौजूद है, तो AISA से लोगों को लाने की जरूरत क्यों है, जबकि AISA की मजबूत मौजूदगी मुख्य रूप से JNU में है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि JNU से वामपंथी पृष्ठभूमि के इतने लोगों को कांग्रेस में लाने से NSUI को विश्वविद्यालय में क्या फायदा हुआ, जबकि वहां संगठन की मौजूदगी ही नहीं है।
पार्टी के एक अन्य नेता के मुताबिक, वामपंथी पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र अपनी भाषण शैली, नारे गढ़ने की क्षमता और लगातार सक्रिय रहने के कारण नेतृत्व के सामने अधिक प्रभावशाली दिखाई देते हैं। इससे NSUI के सामान्य कार्यकर्ताओं की तुलना में उन्हें ज्यादा बौद्धिक रूप से सक्षम समझे जाने का खतरा है।
क्या वामपंथ की ओर झुकाव से दूर हो सकते हैं हिंदू मतदाता?
कांग्रेस के भीतर उठ रहे सवाल सिर्फ छात्र राजनीति तक सीमित नहीं हैं। कुछ नेताओं को लगता है कि ऐसे समय में वामपंथी विचारधारा के साथ नजदीकी बढ़ाना जोखिम भरा हो सकता है, जब पार्टी फिर से व्यापक सामाजिक आधार वाली राजनीतिक ताकत बनने और उन मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है, जो अभी किसी एक राजनीतिक खेमे के साथ पूरी तरह नहीं हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ नेता इस बात को लेकर चिंतित हैं कि वामपंथ की धर्म के प्रति विरोधी मानी जाने वाली विचारधारा से असहज रूढ़िवादी हिंदू मतदाता कांग्रेस से दूरी बना सकते हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या वामपंथी पृष्ठभूमि के नेताओं को प्रमुखता देना पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से फायदेमंद साबित होगा।
इस रणनीति के आलोचक यह भी सवाल उठा रहे हैं कि जब वामपंथी दलों का चुनावी प्रदर्शन लंबे समय से गिरावट की ओर रहा है, तो कांग्रेस उनके साथ वैचारिक नजदीकी बढ़ाकर क्या हासिल करना चाहती है।
समर्थकों की दलील- कांग्रेस का सामाजिक आधार बढ़ रहा है
हालांकि, कांग्रेस के भीतर एक वर्ग इस बदलाव को पार्टी के लिए सकारात्मक मानता है। इन नेताओं का तर्क है कि वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोगों का कांग्रेस के साथ सहज महसूस करना इस बात का संकेत है कि पार्टी का सामाजिक आधार व्यापक हो रहा है।
एक कांग्रेस नेता के मुताबिक, राहुल गांधी पार्टी को समावेशी रूप में पेश करने पर जोर दे रहे हैं। इसमें छात्रों और समाज के हाशिये पर मौजूद समूहों को जगह देना भी शामिल है।
नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने सिर्फ नेहा बोरा के साथ ही नहीं, बल्कि इन आंदोलनों के दौरान पुलिस की कथित बर्बरता के पीड़ितों के साथ भी बार-बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की हैं। ये पीड़ित जरूरी नहीं कि कांग्रेस से जुड़े हों। उनके मुताबिक, जब Gen Z यानी युवा पीढ़ी चर्चा के केंद्र में है और नेहा बोरा इस वर्ग के बीच उभरता हुआ चेहरा हैं, तो उन्हें साथ लेकर चलना युवाओं से जुड़ने का एक मजबूत संदेश देता है।

