
संसद में ब्राजीलियाई मॉडल से कंगना रनौत ने क्यों मांगी माफी, राहुल गांधी ने दिखाई थी तस्वीर
ब्राजीलियन मॉडल को लेकर कंगना रनौत ने कहा कि सबसे पहले इस सदन की तरफ से उन महिला से मैं माफी मांगती हूं। आजकल व्यक्तित्व अधिकार (के हनन) का भी बहुत बड़ा अपराध होता है। उसके बावजूद उनकी यहां फोटो इस्तेमाल की गई।
लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने हरियाणा चुनावों में राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों के दौरान इस्तेमाल की गई ब्राजीलियाई मॉडल की भी चर्चा की। कंगना ने कहा कि वह महिला कभी भी भारत नहीं आई और हरियाणा चुनाव से उसका कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन इसके बाद भी उसकी फोटो यहां दिखाई गई। इसके लिए मैं उनसे सदन की ओर से माफी मांगती हूं।
दरअसल, हरियाणा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद राहुल गांधी ने वोट चोरी का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्राजील की एक मॉडल की ब्लू डेनिम जैकेट पहने तस्वीर दिखाकर सवाल किया था कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में इस मॉडल का क्या काम है। उन्होंने दावा किया कि 22 वोटर आईडी कार्ड पर ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर बनी हुई है। इसी मॉडल की तस्वीरें संसद में उस समय भी दिखाई गई थीं, जब राहुल गांधी एसआईआर के मुद्दे पर भाषण दे रहे थे।
इस संबंध में कंगना रनौत ने अपने भाषण में कहा, ''उन्होंने (महिला) सोशल मीडिया पर कई बार कहा है कि वह कभी भारत नहीं गई हैं और उनका हरियाणा से कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन फिर भी इन लोगों ने बिना किसी सबूत के और बिना अनुमति के उनकी यहां तस्वीर उछाली...।'' भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘सबसे पहले इस सदन की तरफ से उन महिला से मैं माफी मांगती हूं। आजकल व्यक्तित्व अधिकार (के हनन) का भी बहुत बड़ा अपराध होता है। उसके बावजूद उनका यहां फोटो इस्तेमाल किया गया।’’
'ईवीएम नहीं, लोगों के दिलों को हैक करते हैं पीएम मोदी'
कंगना ने कहा कि पिछले एक साल से विपक्ष का रवैया बहुत निराश करने वाला रहा है। एसआईआर के नाम पर विपक्ष ने बहुत हंगामा लेकिन जब सदन में इस पर चर्चा हो रही है वे लोग इधर-उधर की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ईवीएम हैक नहीं करते है वह लोगों की दिलों को हैक करते हैं। विपक्ष के लोग भूल गए कि एक समय वोट के बक्से उठा लिए जाते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी संविधान और कानून व्यवस्था का सम्मान नहीं किया है। एसआईआर की वजह से लोगों में उत्साह बढ़ा और बिहार की जनता ने मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। उन्होंने एक राष्ट्र एक चुनाव कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे लोग असुविधा से बचेंगे और पैसे की भी बचत होगी।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



