दिल्ली में इंटरनेट पर रोक क्यों लगाई? सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार ने भी मांगी माफी

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली में 10 अक्टूबर को मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने के मामले में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सुप्रीम कोर्ट में बिना शर्त माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश का जानबूझकर उल्लंघन नहीं किया गया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के उल्लंघन पर गृह सचिव ने मांगी माफी, 10 अक्टूबर को इंटरनेट बंद करने की बताई वजह
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के उल्लंघन पर गृह सचिव ने मांगी माफी, 10 अक्टूबर को इंटरनेट बंद करने की बताई वजह (फाइल फोटो)

केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में अदालत से बिना शर्त माफी मांगी है। यह हलफनामा अदालत की अवमानना के नोटिस के जवाब में दाखिल किया गया। हालांकि, उन्होंने दिल्ली में 10 अक्टूबर को मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाई गई रोक को जरूरी बताते हुए कहा कि यह कदम सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया था।

गृह सचिव ने बुधवार देर रात दाखिल चार पन्नों के हलफनामे में कहा कि दिल्ली पुलिस की ओर से मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का अनुरोध स्थिति की गंभीरता और राजधानी में कानून-व्यवस्था बिगड़ने से रोकने की जरूरत को देखते हुए उचित था। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश का जानबूझकर उल्लंघन नहीं किया गया।

10 अक्टूबर को कहां और कितनी देर बंद रहा मोबाइल इंटरनेट?

हलफनामे के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक रायसीना हिल्स के चार किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित की गई थीं।

गृह सचिव ने स्पष्ट किया कि यह पाबंदी केवल मोबाइल इंटरनेट सेवाओं तक सीमित थी। इसका असर गैर-मोबाइल इंटरनेट सेवाओं या वाई-फाई और ब्रॉडबैंड जैसी दूरसंचार सेवाओं पर नहीं पड़ा।

उन्होंने कहा कि सीमित समय और निर्धारित भौगोलिक क्षेत्र में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करना, वैधानिक सुरक्षा उपायों के साथ, कुछ परिस्थितियों में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने का मान्य तरीका माना जाता है।

सुप्रीम कोर्ट ने गृह सचिव समेत तीन अधिकारियों को जारी किया था नोटिस

दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को होने वाले विरोध-प्रदर्शनों को रोकने के लिए कदम उठाए थे। इसके एक दिन बाद, 11 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने अपने पहले के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर गृह सचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त और दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अध्यक्ष को अवमानना के नोटिस जारी किए थे।

सुप्रीम कोर्ट ने 11 अक्टूबर को निर्देश दिया था कि इंटरनेट सुविधाएं बिना किसी बाधा के काम करनी चाहिए। इसके बाद गृह सचिव ने अदालत में हलफनामा दाखिल कर इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने के फैसले के पीछे की वजह बताई।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश में बदलाव की मांग

गृह सचिव ने सुप्रीम कोर्ट से 11 अक्टूबर के अपने आदेश में आवश्यक बदलाव करने का अनुरोध भी किया है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार और लागू वैधानिक प्रावधानों व सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए, जरूरत पड़ने पर इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने की अनुमति दी जानी चाहिए।

उनकी मांग है कि अदालत का आदेश इस हद तक संशोधित किया जाए कि असाधारण जरूरत वाली परिस्थितियों में कानून के मुताबिक इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाने का विकल्प उपलब्ध रहे।

डीएमआरसी ने न्यायालय में क्या कहा?

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने भी बिना शर्त सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी है। उसने कोर्ट को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में हाल में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान मेट्रो सेवाओं में कोई कटौती नहीं की गई, ना ही ट्रेनें रद्द की गई थीं तथा 10 अक्टूबर को 303 में से 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास पर पाबंदी लगाई गई थी।

न्यायालय में दाखिल एक हलफनामे में डीएमआरसी ने यह भी कहा कि 10 अक्टूबर को यात्रियों की संख्या आमतौर पर माह के दूसरे शनिवार को रहने वाली संख्या से थोड़ी कम थी, जो आम लोगों पर पड़े विरोध-प्रदर्शन के ''प्रतिकूल प्रभाव'' को दर्शाता है। डीएमआरसी ने कहा कि मेट्रो नेटवर्क का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा (258 स्टेशन) यात्रियों के लिए पूरी तरह चालू और उपलब्ध था।

उच्चतम न्यायालय में दाखिल एक हलफनामे में डीएमआरसी ने कहा कि नौ अक्टूबर को रात 9 बजे से लेकर 10 अक्टूबर तक, 303 में से सिर्फ 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास पर पाबंदी लगाई गई थी, जो पूरे नेटवर्क का केवल 15 प्रतिशत हिस्सा है। इसमें कहा गया है कि प्रवेश और निकास से जुड़े दिशानिर्देश कानून प्रवर्तन एजेंसियों के आकलन और उनके निर्देशों के अनुरूप लागू किए गए थे।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट में मांगी माफी, गृह सचिव बोले-जानबूझकर आदेश नहीं तोड़ा