ज्ञानेश कुमार के विरोध से मेरा क्या लेना देना! क्यों ओवैसी नहीं कर रहे हैं विरोध
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA ने बड़ा प्रदर्शन किया है, जिसमें लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी नहीं पहुंचे थे। अब उन्होंने इसकी वजह भी बताई है और अपनी मांगें सामने रखीं हैं।

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मंगलवार को INDIA अलायंस ने बड़ा प्रदर्शन किया। हालांकि, इस प्रदर्शन में AIMIM यानी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी नहीं गए। हालांकि, उन्होंने इसकी वजह भी बताई है और अपनी दो मांगें रखीं हैं। खबरें हैं कि विपक्ष अब कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR के खिलाफ आंदोलन तेज करने की तैयारी कर रहा है।
ओवैसी ने प्रदर्शन में नहीं जाने की एक वजह INDIA अलायंस का हिस्सा नहीं होना बताई। उन्होंने मंगलवार को कहा, 'मैं उसका हिस्सा नहीं हूं, तो किस्सा ही खत्म। मैं उसका हिस्सा नहीं हूं। अब बेगानी शादी में मेरा क्या काम।'
ओवैसी की क्या हैं डिमांड
उन्होंने कहा, 'ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, 'देखिए हमारा प्रॉब्लम क्या है, मेरा डिमांड क्या है। मुख्य चुनाव आयुक्त को चुने जाने की प्रक्रिया गलत है। वो पूरी तरह से कार्यपालिका के पक्ष में है। प्रधानमंत्री चुनेंगे एक मंत्री को जो कानून मंत्री हैं। फिर एक नेता प्रतिपक्ष हैं...। उसको बदलने की जरूरत है। सबसे बड़ी समस्या मुख्य चुनाव आयुक्त का चुनाव है। वो गलत है, उसे ठीक करना चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'और SIR। बिहार में जब एसआईआर शुरू हुआ, तो हम पार्टी थे उसमें। हमारे अध्यक्ष वहां पार्टी थे उसमें। उस वक्त भी बोले, उस वक्त हम पुकार-पुकार कर बोले, उस वक्त भी हम नाम जमा करके दिए। सुप्रीम कोर्ट ने जो मौखिक रूप से कहा कि हम इसे इजाजत नहीं दिए।'
SIR की NRC से की तुलना
ओवैसी ने एसआईआर प्रक्रिया की तुलना एनआरसी से कर दी है। लोकसभा सांसद ने कहा, 'हमारी मांग है कि जो सिलेक्शन है, जो कानून भाजपा बनाई है उसे बदलना है। उसमें आप भारत के मुख्य न्यायाधीश को रखो। और SIR गलत है। सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा और कानून बन गया। हम तो उसे गलत कह रहे हैं। हमारा मानना है कि एसाआईआर पीछे के दरवाजे से हो रही NRC से।'
DMK ने भी बनाई दूरी
खबरें हैं कि मंगलवार को हुए प्रदर्शन से DMK यानी द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम और आम आदमी पार्टी ने दूरी बना ली थी। हालांकि, आप ने चुनाव अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है।
पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'बुधवार को लेफ्ट पार्टियों और कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी को कश्मीरी गेट स्थित दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के दफ्तर के बाहर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बुलाया है। जैसा कि AAP पहले ही कह चुकी है कि जब भी सड़कों पर कोई विरोध प्रदर्शन होगा, तो हमारे कार्यकर्ता और हमारे लोग जरूर उसमें हिस्सा लेंगे। इसलिए AAP एक बार फिर इस धरने में सक्रिय रूप से शामिल होगी। सभी लेफ्ट पार्टियां, कांग्रेस और AAP इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगी।'
राहुल गांधी धरने पर बैठ गए थे
मंगलवार को जब विपक्ष के सांसदों ने मार्च निकाला, तो कई बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था। पुलिस ने नीति आयोग के सामने मार्च को रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने पास स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर धरना शुरू कर दिया। करीब आठ घंटे तक धरना देने के बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को बस से किंग्सवे कैंप स्थित पुलिस लाइंस ले जाया गया, जहां से रात करीब 10 बजे उन्हें रिहा किया।
चुनाव आयोग ने कहा- समय नहीं मांगा
INDIA गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन के बाद आयोग ने मंगलवार शाम कहा कि शाम चार बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने अधिकृत प्रतिनिधि के जरिए उससे मुलाकात का समय नहीं मांगा था। आयोग के मुताबिक, करीब चार बजे दिल्ली पुलिस ने उसे बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 240 सांसदों का प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहता है।
आयोग ने कहा कि उसे मीडिया के जरिये भी इसका पता चला। हालांकि, किसी राजनीतिक दल की ओर से बैठक का औपचारिक अनुरोध शाम चार बजे तक नहीं आया था। आयोग ने कहा कि सांसदों से मिलने के प्रस्ताव पर विचार के दौरान दिल्ली पुलिस ने बताया कि बैठक संसद भवन सौध में प्रस्तावित है। आयोग ने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार ऐसी बैठकें केवल निर्वाचन आयोग परिसर में आयोजित की जाती हैं।

