मोदी के डिनर में क्यों नहीं शामिल हुए शी जिनपिंग? पुतिन को भाए भारतीय पकवान; पूरी मेनू देख लें
स्टार्टर के तौर पर मेहमानों को खंडवी मिलेफॉय परोसी गई, जिसमें बेसन से बनी स्टीम्ड खंडवी को सरसों, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ केसर आम, माइक्रोग्रीन्स और योगर्ट ड्रेसिंग के साथ परोसा गया।

PM Modi Dinner: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम भारत मंडपम में ब्रिक्स नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए शानदार डिनर की मेजबानी की। डिनर में भारत की विविध व्यंजन और पाककला परंपराओं को दर्शाने वाला विशेष शाकाहारी मेन्यू परोसा गया। डिनर के दौरान ‘नवरस : द यूनिवर्स ऑफ शेयर्ड इमोशन्स’ विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। हालांकि, इस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अनुपस्थिति ने सबका ध्यान खींचा।
जिनपिंग शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ब्रिक्स देशों के नेताओं, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले अन्य देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के लिए आयोजित रात्रिभोज में हिस्सा नहीं लिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। चीन के राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल नहीं होने का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है। हालांकि, एक सूत्र ने बताया कि शी आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे।
वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिक्स के अन्य नेताओं ने रात्रिभोज में हिस्सा लिया। उन्होंने भारतीय जायका का लुफ्त उठाया। हालांकि, आबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद भी रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए।
स्टार्टर में खंडवी और खुंब गलौटी
स्टार्टर के तौर पर मेहमानों को खंडवी मिलेफॉय परोसी गई, जिसमें बेसन से बनी स्टीम्ड खंडवी को सरसों, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ केसर आम, माइक्रोग्रीन्स और योगर्ट ड्रेसिंग के साथ परोसा गया। इसके अलावा खुंब गलौटी में तवे पर हल्के से ग्रिल किए गए मशरूम कबाब को मिंट पर्ल्स और शीरमल ब्रेड के साथ परोसा गया।
जलेबी के साथ ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम
डेजर्ट में मेहमानों को पुरानी दिल्ली के लोकप्रिय स्वाद से प्रेरित ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी परोसी गई। इसमें मौसमी फलों और हल्की व्हिप्ड क्रीम के साथ कुरकुरी जलेबी परोसी गई। इसके साथ शहतूत फिरनी भी परोसी गई।
पनीर लबाबदार और गुच्छी मार्मिक भाए
मेन कोर्स में पनीर लबाबदार, हिमालयी गुच्छी मशरूम और शतावरी को केसर, किशमिश और ममरा बादाम के साथ तैयार किया गया व्यंजन गुच्छी मार्मिक, कैरट बीन पोरियाल, अरहर दाल और टमाटर से तैयार दक्षिणी भारतीय शैली का हल्का सूप ढक्काली बेले सारू, मिवेट पुलाव, बीटरूट रायता और विभिन्न प्रकार की भारतीय रोटियां शामिल थीं।


