सिया ने केतन का पासपोर्ट महिलाओं के वॉशरूम में क्यों फेंक दिया था? अब मॉल खंगालेगी पुलिस

भाषा, पुणे
Follow us on Google News
share

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की उनकी मंगेतर सिया और प्रेमी ने लोहागढ़ किले से खाई में धक्का देकर हत्या कर दी। 2004 कॉल्स और 238 घंटे की खौफनाक साजिश का पूरा सच जानें।

Siya Goyal throw Ketan passport

पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक बेहद शातिराना पहलू सामने आया है। बाली में होने वाले 'प्री-वेडिंग शूट' के प्लान को नाकाम करने की अपनी सोची-समझी साजिश के तहत, आरोपी मंगेतर सिया गोयल ने 6 जून को खालापुर फूड मॉल में कार से केतन का पासपोर्ट चुराया और उसे महिलाओं के वॉशरूम में फेंक दिया। पूछताछ के दौरान इस खौफनाक चाल का पर्दाफाश होने के बाद, अब पुलिस की एक टीम उस फूड मॉल को पूरी तरह से खंगालने जा रही है, ताकि हत्या की इस खौफनाक स्क्रिप्ट के एक बेहद अहम सुराग के तौर पर उस गायब पासपोर्ट को बरामद किया जा सके।

पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले में खाई में धक्का देकर मारने की आरोपी उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी पिछले छह महीने से लगातार संपर्क में थे, दोनों ने एक-दूसरे को 2,004 बार फोन किया था और कुल 238 घंटे बातचीत की थी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सिया और चेतन के बीच इतनी ज्यादा बातचीत... पुलिस को हुआ शक

पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं को संदेह है कि सिया और चेतन के बीच इतनी ज्यादा बातचीत उस साजिश का हिस्सा थी, जिसके के तहत 18 जून को केतन की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना के दिन सिया (20) और चेतन (22) कथित तौर पर एक कैफे में मिले थे और केतन (26) को रास्ते से हटाने की साजिश को अंतिम रूप दिया था।

अधिकारी ने कहा कि इस साजिश में किले में एक ऐसी जगह की पहचान भी शामिल थी, जहां से केतन को खाई में धकेला जा सके। पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप सिंह गिल ने कहा, "सिया और चेतन ने पिछले छह महीने में एक-दूसरे को 2,004 बार फोन किया और कुल 238 घंटे बातचीत की। दोनों के बीच फोन पर कई बार दो-तीन घंटे से ज्यादा समय तक भी बातचीत हुई।"

साजिश को अंजाम देने की पूरी तैयारी की

गिल के मुताबिक, पुलिस को शक है कि सिया और चेतन के बीच इतनी ज्यादा बातचीत का संबंध केतन की हत्या की साजिश से हो सकता है। उन्होंने कहा, "जांच में यह भी पता चला है कि घटना वाले दिन सिया और चेतन लोहगढ़ किला जाने से पहले एक कैफे में मिले थे और उन्होंने केतन को खत्म करने की साजिश को अंतिम रूप दिया था।"

गिल ने कहा, "मुलाकात के दौरान दोनों ने किले की एक ऐसी उपयुक्त जगह की पहचान की, जहां से केतन को खाई में धकेला जा सके। उन्होंने हत्या की साजिश को अंजाम देने की पूरी तैयारी भी की।"

सिया और चेतन फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों केतन को अपने रिश्ते में अड़चन मानते थे और इसलिए उन्होंने रियल एस्टेट कारोबारी को रास्ते से हटाने का फैसला किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिया ने छह जून को मुंबई हवाई अड्डे जाते समय केतन का पासपोर्ट गायब करके 'प्री-वेडिंग शूट' के लिए बाली जाने की दोनों की योजना पर पानी फेर दिया था।

मॉल के वॉशरूम में फेंका पासपोर्ट?

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिनेश तायडे ने बताया, " जांच के दौरान पता चला है कि खालापुर के फूड मॉल में कार से पासपोर्ट चुराने के बाद सिया ने उसे महिलाओं के वॉशरूम में फेंक दिया था। हम हत्या की जांच तो कर ही रहे हैं, साथ ही एक टीम को मॉल भी भेजा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पासपोर्ट बरामद किया सकता है या नहीं।"

उन्होंने बताया कि सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में एक भव्य समारोह में दोनों की शादी होनी थी, जिसके लिए एक महल बुक किया गया था। तायडे ने कहा, "केतन की बहन संजना और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ के दौरान हमें पता चला कि घटना से पहले सिया ने चेतन पर कई बार अपने साथ लोहागढ़ किला चलने का दबाव बनाया था।"

उन्होंने बताया, "सिया 31 मई को केतन को लोहागढ़ किला ले गई थी। उसने चार जून को घूमने के लिए फिर से लोहागढ़ किला जाने पर जोर दिया। हालांकि, केतन की मां ने उन्हें दूसरी बार वहां जाने की इजाजत नहीं दी।" तायडे के मुताबिक, सिया ने केतन को 14 जून को एक बार फिर लोहागढ़ किला चलने के लिए मनाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि उस दिन भी सिया ने केतन को खाई में कथित तौर पर धकेलने का प्रयास किया, लेकिन केतन ने समय रहते झाड़ी पकड़ ली और खुद को बचाने में कामयाब रहे।

तायडे के अनुसार, जब केतन ने सिया से पूछा कि उसने उन्हें धक्का क्यों दिया, तो सिया ने वहां सांप होने की बात कही और ऐसा जताने की कोशिश की कि वह उन्हें बचाने की कोशिश कर रही थी। तायडे ने बताया कि इन घटनाक्रमों के सामने आने के बाद जांचकर्ताओं का शक और गहरा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डिजिटल संचार से जुड़े साक्ष्यों का विश्लेषण किया। बुधवार को गिल ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच की प्रगति का जायजा लिया।

सिया के प्रेमी चेतन के वकील ने क्या कहा?

इस बीच, चेतन के वकील राम शहाणे ने कहा कि उनके मुवक्किल को इस मामले में फंसाया गया है। शहाणे ने कहा, "प्राथमिकी में कथित अपराध में चेतन की भूमिका के बारे में साफ तौर पर कुछ नहीं बताया गया है। इसमें बस इतना कहा गया है कि वह मुख्य आरोपी का बॉयफ्रेंड है और इसी आधार पर उसे मामले में फंसाया गया है। हमने पहली रिमांड के दौरान, जब उसे पहली बार अदालत में पेश किया गया था, तब भी यही बात कही थी।"

इस बीच, चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी ने भी अपने बेटे के निर्दोष होने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिया खुद को बचाने के लिए चेतन को मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है। बाबूलाल ने कहा, "हमें बताया गया है कि जब यह घटना हुई, तब चेतन सिया और केतन से काफी दूर खड़ा था। मेरा बेटा ऐसा नहीं है।" उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता कि चेतन उस दिन लोहागढ़ किले में उस जगह पर क्यों मौजूद था। उसने हमें नहीं बताया कि वह वहां क्यों गया था।" बाबूलाल ने कहा, "मेरा बेटा इस मामले में शामिल नहीं है। वह बेगुनाह है।" उन्होंने सिया और चेतन के बीच प्रेम प्रसंग होने की जानकारी होने से भी इनकार किया।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।