ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP आंदोलन से क्यों दूर हुई कांग्रेस? AAP और लेफ्ट दे रही साथ
CJP Protest: शुक्रवार को CPM के महासचिव MA बेबी ने शनिवार के विरोध प्रदर्शन से पहले लगाई गई पाबंदियों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की पूरी कोशिश की।

CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) लगातार आंदोलन कर रही है। वहीं, कांग्रेस ने भी लगातार विरोध-प्रदर्शन किए हैं। हालांकि, दोनों ही पार्टी अभी तक एकसाथ नहीं दिखी है। आज जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी ने आंदोलन का आह्वान किया तो राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए चेन्नई निकल गए हैं। सीजेपी के इस आंदोलन को अभी तक सिर्फ आम आदमी पार्टी (AAP), टीएमसी (ममता गुट) और वामपंथी दलों ने ही खुलकर समर्थन दिया है।
लेफ्ट और AAP ने जंतर-मंतर पर होने वाले इस आंदोलन में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस आंदोलन में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के साथ इसमें शामिल होंगे। वहीं, शुक्रवार रात तक यह साफ नहीं था कि ममता की पार्टी CJP के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनेगी या नहीं। हालांकि, दिल्ली पहुंचने से पहले ममता ने पत्रकारों से कहा था कि वह जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि अभी कुछ भी पक्का नहीं है।
इससे पहले लेफ्ट, ममता की TMC और AAP ने NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर CJP के नेतृत्व में हुए छात्र आंदोलन का समर्थन किया था और उसमें हिस्सा भी लिया था। इस आंदोलन के कारण धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
कांग्रेस क्यों बना रही दूरी?
यह कोई पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस कॉकरोचों से दूरी बना रही है। इससे पहले भी जब शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर आंदोलन हुए थे तब कांग्रेस नेता ने वहां नहीं पहुंचकर एक अलग मोर्चा खोल दिया था। विपक्ष के कई नेता अभिजीत दीपके के मंच पर दिखे, लेकिन राहुल इसमें शामिल नहीं हुए।
शुक्रवार को CPM के महासचिव MA बेबी ने शनिवार के विरोध प्रदर्शन से पहले लगाई गई पाबंदियों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की पूरी कोशिश की। TMC के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने भी CJP का जोरदार समर्थन करते हुए एक पोस्ट किया। CPM, CPI, CPI(ML)L, RSP और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक जैसे वामपंथी दलों ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि इकट्ठा होने और विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार एक मौलिक अधिकार है।

