पाकिस्तान हाई कमीशन पर क्यों चला प्रशासन का बुलडोजर? सरकार ने दिया जवाब
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास पर हुए बुलडोजर ऐक्शन पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के मना करने के बाद भी इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास के ऊपर कार्रवाई की गई। इसके बाद भारत ने भी उसी स्तर की कार्रवाई की है।

भारत सरकार ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास के सामने बैरीकेड्स हटाने की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास के सामने कार्रवाई की थी। इसी के जवाब में भारत सरकार ने भी नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास के सामने ऐक्शन लेकर जवाबी कार्रवाई की है।
हर दो हफ्ते में होने वाली मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सरकार के बैरीकेड्स हटाने के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा नई दिल्ली के कई बार मना करने के बाद भी पाकिस्तान ने इस तरह की कार्रवाई की थी। इसके बाद भारत सरकार ने भी नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी मिशन के पास से अस्थायी ढांचा हटाने का कदम उठाया।
पाकिस्तान के बाद भारत ने लिया ऐक्शन- विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के सामने पार्किंग के लिए बने कुछ ढांचों को हटा दिया गया है। हमारे मना करने के बाद भी उन्होंने ऐसा किया। इसके जवाब में हमने भी उसी स्तर पर कार्रवाई की है। यहां जिस गली में पाकिस्तानी उच्चायोग है, वहां कुछ अस्थायी ढांचे थे, जिन्हें हमने हटा दिया है।"
गौरतलब है कि गुरुवार को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित पाकिस्तानी दूतावास के बाहर प्रशासन की तरफ से तोड़-फोड़ की कार्रवाई की गई। प्रशासन के मुताबिक, उच्चायोग का जो भी ढांचा तय सीमा से ज्यादा जमीन पर बना हुआ था। इसको हटा दिया गया है। तोड़े गए ढांचे में बैरिकेड और वीजा सेक्शन के बाहर लोगों को संभालने के लिए बनाई गई सुविधाएं शामिल हैं।
पाकिस्तानी उच्चायोग के सामने टूटी हुई रेलिंग और मलबा बिखरा नजर आया
मौके से सामने आई फुटेज में उच्चायोग के बाहर टूटी हई रेलिंग और बिखरा हुआ मलवा साफ देखा जा सकता है। हालांकि, प्रशासन ने पाकिस्तानी उच्चायोग के मुख्यद्वार को कोई हानि नहीं पहुंचाई। वह अभी भी पहले जैसा ही खड़ा हुआ है। इसका सफेद बाहरी गुंबददार ढांचा और पाकिस्तानी प्रतीक चिन्ह वाले बड़े गेट सुरक्षित नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही बाहरी सीमा के कुछ हिस्सों पर कंटीले तार भी दिखाई दे रहे हैं।

