पंजाब में क्यों गई अमरिंदर राजा वडिंग की कुर्सी, पर्दे के पीछे क्या हुआ खेल?
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में उठापटक का दौर जारी है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रहे राजा वडिंग ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। ऐसे अनुमान लगाए जा रहे हैं कि पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय कुमार सिंगला उनकी जगह ले सकते हैं।

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी उलझन में फंसी हुई है। उलझन है कि आखिर पार्टी की राज्य इकाई का नेतृत्व किसके हाथों में दिया जाए? पार्टी अभी तक राहुल गांधी के भरोसेमंद माने जाने वाले नेता अमरिंदर सिंह राजा वाडिंग के हाथ में थी। लेकिन उन्होंने भी कुछ समय पहले पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। सवाल यही है कि आखिर विधानसभा चुनाव के नजदीक आकर कैप्टन क्यों बदला जा रहा है? मामले के जानकार लोगों के मुताबिक AICC के नवनिर्वाचित जनरल सेक्रेटरी इंचार्ज सचिन पायलट से पिछले तीन हफ्तों में मिले फीडबैक के बाद कांग्रेस लीडरशिप ने वडिंग से पद छोड़ने के लिए कह दिया था।
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की जगह पंजाब का झगड़ा संभालने के लिए आए सचिन पायलट पिछले कई दिनों से लगातार बैठकें कर रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो सचिन पायलट के साथ बैठक के दौरान पंजाब के 7 कांग्रेस सांसदों समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्व में बदलाव की मांग की है। इसके बाद पायलट ने अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी, जहां से वडिंग की कुर्सी जाने पर मुहर लग गई।
भूपेश बघेल थे वडिंग के समर्थन में
इस मामले पर पंजाब के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि भूपेश बघेल के रहते हुए वडिंग की स्थिति मजबूत थी। लेकिन सचिन पायलट के आने के बाद स्थिति में बदलाव आना शुरू हो गया। बता दें, बघेल ने वडिंग को अपना समर्थन दिया था, जबकि चन्नी से एक प्रकार से दूरी बनाकर रखी थी। वहीं, पायलट ने संगठन में संतुलन बनाए रखने के लिए दोनों वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी बैठकें की। एच टी के साथ एक इंटरव्यू के दौरान भी पायलय ने इस बात का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था, "मेरी चन्नी के साथ अच्छी मुलाकात हुई और उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया है कि वह चुनाव के लिए पार्टी की कोशिशों में पूरा सहयोग देंगे।" इसके अलावा पार्टी नेतृत्व में बदलाव की संभावना को लेकर भी पायलट ने सकारात्मक उत्तर दिया था। उन्होंने कहा, "राजनीति में बदलाव के लिए कभी भी देर नहीं होती।"
कौन लेगा पंजाब में वडिंग की जगह?
पंजाब में विधानसभा होने हैं। ऐसे में कांग्रेस जल्दी ही अपना नेतृत्व चुनने की तरफ आगे बढ़ेगी। रिपोर्ट्स की मानें तो वडिंग के इस्तीफे के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय कुमार सिंगला इस पद के लिए सबसे आगे माने जा रहे हैं। पंजाब के एक विधायक ने कहा, "एक हिंदू चेहरा पंजाब यूनिट में कुछ समय के लिए शांति ला सकता है। वाडिंग के हटने के बाद चन्नी सहज महसूस करेंगे और जाट सिखों (पंजाब में सिखों का सबसे प्रभावशाली वर्ग) को भी कोई परेशानी नहीं होगी।"
बता दें, सिंगला को अगर अध्यक्ष पद दिया जाता है, तो उनकी पहली प्राथमिकता विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर चल रहे कलह को समाप्त कर सभी नेताओं को एकजुट करने की होगी। अगर सिंगला को पंजाब यूनिट का प्रमुख नियुक्त किया जाता है, तो पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह रंधावा (जो चन्नी के करीबी हैं) को और अधिक जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। पंजाब में जाट सिख चेहरे के तौर पर, बाजवा और रंधावा को पूरे राज्य में इस समुदाय तक पहुंच बनानी होगी।

