मुंबई में क्यों हो रही रुबियो और जयशंकर की बैठक? राहुल गांधी के तंज पर MEA का जवाब
विदेश मंत्री एस. जयशंकर अपने अमेरिकी समकक्ष की भारत यात्रा के दौरान मुंबई में उनसे मुलाकात करेंगे। MEA ने इस बात की पुष्टि की है। इसके साथ ही इस बैठक को मुबंई में ही कराए जाने को लेकर भी विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस बात की पुष्टि की है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर मुंबई में अमेरिकी समकक्ष से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि केंद्रीय मंत्री जयशंकर 19 अक्टूबर को मुंबई में यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाह्यान से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह 20 अक्तूबर को वह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ मुलाकात करेंगे। इस बैठक के मुंबई में होने के सवाल पर विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि सरकार द्वारा विदेशी मेहमानों को दिल्ली से बाहर होस्ट करना कोई नई बात नहीं है। ऐसा पहले भी होता रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रुबियो और विदेश मंत्री जयशंकर की बैठक की पुष्टि की। उन्होंने कहा, "19 और 20 अक्टूबर 2026 को, विदेश मंत्री मुंबई में UAE के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री, अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की एक आधिकारिक यात्रा के दौरान उनकी मेजबानी करेंगे। 20 अक्टूबर को, विदेश मंत्री अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बातचीत करेंगे और संयुक्त राज्य अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।"
दिल्ली से बाहर विदेशी मेहमानों की मेजबानी होती रही है- विदेश मंत्रालय
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुंबई में हो रही इस बैठक को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं। इस मामले पर विदेश मंत्रालय की तरफ से जवाब दिया गया। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "पिछले एक दशक या उससे अधिक समय से यह परंपरा रही है कि हम दिल्ली के बाहर विदेशी प्रतिनिधियों की मेजबानी करते रहे हैं। प्रधानमंत्री ने वडोदरा में स्पेन के प्रधानमंत्री की मेजबानी की थी। उन्होंने अहमदाबाद में चांसलर मर्त्ज की मेजबानी की। उन्होंने वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री की मेजबानी की और फिर विदेश मंत्री ने गोवा में विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी की।"
राहुल गांधी ने साधा था रुबियो की यात्रा पर निशाना
बता दें, विदेश मंत्रालय की तरफ से यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब कांग्रेस पार्टी की तरफ से रुबियो के केवल मुंबई आने को लेकर सवाल उठाया गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले पर ट्वीट करके सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि कहा कि रुबियो ने मुंबई में भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक के लिए बुलाया है। विदेश मंत्रालय यह समझ नहीं पा रहा है कि आखिर यह हो क्या रहा है। केंद्र सरकार तंज कसते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, अगर प्रधानमंत्री समझना चाहते हैं, तो वह समझाने के लिए तैयार है। दरअसल यह पूरा मामला इसलिए विवादों में आ गया था क्योंकि भारत और अमेरिका के विदेश मंत्रियों की मुंबई में होने वाली बैठक की जानकारी अमेरिकी राजदूत द्वारा साझा की गई थी। इस बात को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने सवाल उठाया था कि आखिर भारतीय विदेश मंत्री के कार्यक्रम की जानकारी अमेरिकी राजदूत कैसे साझा कर सकते हैं।
रुबियो की भारत यात्रा का महत्व- गौरतलब है कि अमेरिका के विदेश अगले सप्ताह भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। इस दौरान वह मुंबई और जामनगर में रहेंगे। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका का ट्रंप प्रशासन मिड टर्म चुनावों के चलते डीजल की कीमतों को कम करवाने के लिए हाथ पैर मार रहा है। हालात ऐसे हैं कि ट्रंप ने पुतिन के साथ भी डीजल के लिए समझौता कर लिया है। उन्होंने जेलेंस्की को निर्देश दिया था कि वह रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमला न करें। लेकिन जेलेंस्की ने उन्हें ठेंगा दिखाते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया। जामनगर में भारत की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी है। इस रिफाइनरी की क्षमता और उपयोगिता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमें अमेरिकी कंट्रोल वाले वेनेजुएला और रूसी दोनों तेल का शोधन हो रहा है। यहां से तेल यूरोप तक सप्लाई होता है।

