कौन हैं हाईकोर्ट के जज जो रिटायर होने पर दान करेंगे 1.1 करोड़?
जस्टिस अवनिंद्र सिंह 31 मई 1990 को सिविल जज क्लास-2 के तौर पर ज्यूडिशियल सर्विस में शामिल हुए थे। बाद में 2018 में उन्हें छतरपुर में प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज और 2022 में धार में प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज के तौर पर तैनात किया गया।

High Court News: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जज अवनिंद्र कुमार सिंह ने अपने रिटायरमेंट समारोह के दौरान एक अनोखी मिसाल पेश की है। 17 सितंबर को अपने विदाई भाषण के दौरान उन्होंने घोषणा की कि वह जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) से मिलने वाली अपनी पूरी राशि लगभग 1.1 करोड़ रुपये पीएम केयर्स फंड (PM Cares Fund) में दान करेंगे। इसके अलावा उन्होंने और उनकी पत्नी ने मृत्यु के बाद अपना शरीर मेडिकल स्टडी और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए दान करने का संकल्प लिया है।
जस्टिस अवनिंद्र सिंह ने कहा, "रिटायरमेंट के बाद मैं अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू कर रहा हूं। मैं हमेशा एक नए मंच पर काम करता रहूंगा। मेरा मानना है कि हम ईश्वर की सेवा केवल उनकी पूजा करके ही नहीं, बल्कि इस धरती पर ईश्वर द्वारा बनाई गई छोटी-बड़ी सभी चीजों की देखभाल करके भी करते हैं। 'अपने लिए जिएं तो क्या जिएं' के सिद्धांत पर समाज को कुछ देने के लिए मैंने और मेरी पत्नी ने दो दिन पहले मेडिकल कॉलेज में संकल्प लिया है कि हमारी मृत्यु के बाद हमारे शरीर का इस्तेमाल वैज्ञानिक उद्देश्यों के लिए किया जा सके।''
1.1 करोड़ करेंगे दान
उन्होंने कहा, ‘ऑफिस के हिसाब-किताब के अनुसार मुझे अपने GPF खाते में लगभग 1.1 करोड़ रुपये मिलेंगे। मैं आप सभी के सामने यह संकल्प लेता हूं कि जैसे ही मुझे यह रकम मिलेगी मैं इसे राष्ट्र निर्माण के लिए PM केयर्स फंड में दान कर दूंगा। यह एक शुरुआत है, अंत नहीं है।"
मां के निधन के बाद मौसी ने पाला
इस दौरान उन्होंने अपने बचपन की कहानियां भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि उनकी मां के निधन के बाद उनकी मौसी ने अपने बेटे की तरह उन्हें पाला। उन्होंने कहा कि उनके पिता, उनकी मौसी और उनके पति का उन पर गहरा प्रभाव पड़ा। अपनी मौसी की बात दोहराते हुए उन्होंने कहा, "वे हमेशा कहती थीं कि जिंदगी में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। बिना कड़ी मेहनत और सच्ची कोशिश के मिली सफलता ज्यादा समय तक नहीं टिकती है।"
अपने भाषण के आखिर में उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट का मतलब अंत नहीं, बल्कि एक अलग मंच से जनसेवा के नए अध्याय की शुरुआत है। जस्टिस अवनिंद्र सिंह 31 मई 1990 को सिविल जज क्लास-2 के तौर पर ज्यूडिशियल सर्विस में शामिल हुए थे। बाद में 2018 में उन्हें छतरपुर में प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज और 2022 में धार में प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज के तौर पर तैनात किया गया। उन्होंने 1 मई 2023 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जज के तौर पर शपथ ली और 18 सितंबर 2026 को रिटायर हुए।

