भारत लाया गया दाऊद का करीबी, कौन है डी कंपनी का ड्रग साम्राज्य चलाने वाला सलीम डोला
दाऊद इब्राहिम के करीबी और हजारों करोड़ का ड्रग साम्राज्य चलाने वाले सलीम डोला को भारत लाया जा चुका है। उसे मंगलवार सुबह दिल्ली में एक टेक्निकल एयरपोर्ट पर उतारा गया। सलीम को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया, इंटेलीजेंस एजेंसी और अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों के समन्वय से अंजाम दी गई।

दाऊद इब्राहिम के करीबी और हजारों करोड़ का ड्रग साम्राज्य चलाने वाले सलीम डोला को भारत लाया जा चुका है। उसे मंगलवार सुबह दिल्ली में एक टेक्निकल एयरपोर्ट पर उतारा गया। सलीम को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया, इंटेलीजेंस एजेंसी और अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों के समन्वय से अंजाम दी गई। जानकारी के मुताबिक उसे एक स्पेशल विमान ले लाया गया। फिलहाल दिल्ली में इंटेलीजेंस अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। इसके बाद आगे की जांच के लिए उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया जाएगा। गौरतलब है कि सलीम डोला को हाल ही में इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था।
सीक्रेट तरीके से चलाया गया अभियान
जानकारी के मुताबिक सलीम डोला कुख्यात आतंकी दाऊद इब्राहिम का करीबी है। वह दाऊद की डी कंपनी के ड्रग साम्राज्य का सरगना बताया जाता है। हाल ही में तुर्की की इंटेलीजेंस एजेंसी और इस्तांबुल पुलिस की नारकोटिक्स यूनिट ने संयुक्त अभियान में उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसका भारत प्रत्यर्पण कर दिया गया है। बताया जाता है कि सलीम काफी समय से तुर्की में छिपा हुआ था। उसने वहां पर अपनी पहचान भी बदल रखी थी। बाद में पुलिस ने बहुत ही सीक्रेट तरीके से अभियान चलाया और उसके फ्लैट पर छापेमारी की। इसके तहत एरिया में घेरेबंदी करके धावा बोला गया और सलीम को गिरफ्तार किया गया।
भारतीय एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता
बताया जाता है कि सलीम डोला का ड्रग नेटवर्क भारत समेत कई देशों में है। भारत समेत, कई अन्य खाड़ी देशों में भी वह ड्रग्स की सप्लाई करता है। सिर्फ इतना ही नहीं, यूरोपीय देशों तक भी उसकी पहुंच है। भारत में सलीम डोला के खिलाफ एक लाख रुपए का इनाम है, जो नारकोटिक्स ब्यूरो ने रखा है। इसके अलावा इंटरपोल ने भी रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर रखी है। सलीम की गिरफ्तारी को भारतीय एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता बताया जा रहा है।
परिवार पर भी शिकंजा
सलीम डोला को लेकर भारत में पुलिस काफी समय से एक्शन में है। पिछले सााल ही डोला के करीबी, सलीम सोहेल शेख को दुबई से प्रत्यर्पित कराया गया था। पिछले साल नवंबर में ही सलीम डोला के बेटे और परिवार के चार अन्य सदस्यों को भी दुबई में गिरफ्तार किया गया था और फिर भारत लाया गया था। इसके बाद सलीम को लेकर सक्रियता बढ़ गई थी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


