कौन हैं लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ? जो बनेंगे भारतीय सेना के नए प्रमुख, आर्मी चीफ द्विवेदी की लेंगे जगह
Lt. General Dhiraj Seth: भारतीय सेना के उप सेना प्रमुख धीरज सेठ को नया आर्मी चीफ नियुक्त किया गया है। वह 30 जून को रिटायर हो रहे सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे। वर्तमान में वह भारतीय सेना के 49वें उप सेना प्रमुख के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

Who is Lt. General Dhiraj Seth: भारतीय सेना के नए आर्मी चीफ का चयन हो चुका है। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल 30 जून 2026 को खत्म हो रहा है। ऐसे में सरकार की तरफ से उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ (PVSM, UYSM,AVSM) को आगामी सेना प्रमुख के रूप में नामित किया है। वर्तमान में भारत के 49वें उप सेना प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे लेफ्टिनेंट जनरल सेठ 30 जून को भारत के 31वें सेना प्रमुख के रूप में पद भार ग्रहण करेंगे। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा।
कौन हैं लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ?
नेशनल डिफेंस अकादमी खड़कवासला, इंडियन मिलिट्री अकादमी देहरादून, डिफेंस सर्विसेज स्टॉफ कॉलेज वेलिंगटन, आर्मी वॉर कॉलेज महू और नेशनल डिफेंस कॉलेज नई दिल्ली के पूर्व छात्र धीरज सेठ अपने छात्र जीवन के दौरान बेहद ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। 20 दिसंबर 1986 में आर्म्ड कॉर्प्स में कमीशन हुए धीरज सेठ को भारतीय सेना में करीब चार दशक का अनुभव है। इन चार दशकों के दौरान भारतीय सेना के इस अधिकारी ने कई कमांड स्टाफ और इंस्ट्रक्शनल पदों पर काम किया है।
पिता भी रह चुके हैं आर्मी अधिकारी
सैन्य अधिकारी पिता के बेटे लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अपने सैन्य करियर के दौरान कई बड़े मेडल मिले हैं। 2025 में उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, 2026 में उत्तम युद्ध सेवा मेडल और 2022 में अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है। उनके पिता लेफ्टिनेट जनरल (रि) कृष्ण मोहन सेठ 1997 में सेना से एडजुटेंट जनरल के पद से रिटायर हुए थे।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ का सैन्य करियर
शुरुआती दौर में उन्होंने 98 ऑर्म्स ब्रिगेड की कमान संभाली और जम्मू-कश्मीर में यूनिफॉर्म फोर्स के जनरल ऑफिसर इन कमांड रहे। इसके बाद उन्होंने साउथ वेस्टर्न कमांड में ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ (ऑपरेशन्स), स्ट्रैटेजिक प्लानिंग डायरेक्टोरेट के साथ ब्रिगेडियर पर्सपेक्टिव प्लान्स और एडिशनल डायरेक्टर जनरल वेपन्स एंड इक्विपमेंट के तौर पर काम किया है।
यूनाइटेड नेशंस के अंगोला मिशन के ऑपरेशन इंचार्ज
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ 1995-96 के दौरान यूनाइटेड नेशंस के साथ भी काम कर चुके हैं। उन्होंने अंगोला वेरिफिकेशन मिशन III में ऑपरेशन्स ऑफिसर के तौर पर भी काम किया। इसके बाद वहां से आने पर उनका प्रमोशन हुआ और वह नेशनल डिफेंस अकादमी में इंस्ट्रक्टर और असिंस्टेंट एडजुटेंट के रूप में काम करते रहे। इसके बाद उन्होंने अहमदनगर के स्कूल ऑफ आर्मर्ड वॉरफेयर में इंस्ट्रक्टर के तौर पर ट्रेनिंग देने का काम किया है।
बाद में लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर प्रमोट होने के बाद धीरज सेठ ने नई दिल्ली में आर्मी हेडक्वार्टर में डायरेक्टर जनरल (डिसिप्लिन, सेरेमोनियल और वेलफेयर) का पद संभाला। 31 जुलाई 2021 को उन्होंने XXI कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग का पदभार संभाला। इसके बाद अगस्त 2022 में उन्हें दिल्ली एरिया का जनरल ऑफिसर कमांडिंग नियुक्त किया गया।
साउथ वेस्टर्न कमांड के कमांडर इन चीफ बने ले.जनरल धीरज सेठ
लगातार बेहतर प्रदर्शन करते आ रहे लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को 1 नवंबर 2023 को साउथ वेस्टर्न कमांड का कमांडर इन चीफ बनाया गया। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल बी. एस. राजू की जगह ली, जो 31 अक्टूबर 2023 को रिटायर हुए थे। इसके बाद उन्होंने दक्षिणी कमांड का नेतृत्व किया और फिर यहां से 1 अप्रैल 2026 को सीधा उप सेना प्रमुख का पद संभाल लिया। अब उन्हें भारती सेना के प्रमुख के पद के लिए चयनित किया गया है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

