कौन है गैंगस्टर साहिल चौहान? थाईलैंड से लाया जा रहा है भारत, हरियाणा STF लेगी कस्टडी

Himanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share

साहिल चौहान की गिरफ्तारी केंद्र सरकार की सुरक्षा एजेंसियों और हरियाणा पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद से ही उस पर अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की नजर थी।

कौन है गैंगस्टर साहिल चौहान? थाईलैंड से लाया जा रहा है भारत, हरियाणा STF लेगी कस्टडी

मोस्ट वांटेड गैंगस्टर साहिल चौहान को थाईलैंड से निर्वासित कर भारत लाया जा रहा है। शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर उतरते ही हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) उसे अपनी हिरासत में ले लेगी। साहिल चौहान न केवल हरियाणा पुलिस बल्कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की हिट लिस्ट में भी शामिल था। यह भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों और हरियाणा पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मोस्ट वांटेड गैंगस्टर साहिल चौहान का थाईलैंड से निर्वासन संगठित अपराध के खिलाफ भारत की एक बड़ी कार्रवाई है।

कौन है साहिल चौहान?

साहिल चौहान संगठित अपराध की दुनिया का एक बड़ा नाम बन चुका था। वह जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के गिरोह का एक सक्रिय और मुख्य सदस्य माना जाता है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि साहिल विदेश में बैठकर भारत में कई 'कॉन्ट्रैक्ट किलिंग' (सुपारी लेकर हत्या) की साजिशें रच रहा था। वह हरियाणा और आसपास के राज्यों में रंगदारी वसूलने और व्यापारियों को डराने-धमकाने के कई मामलों में वांछित है। वह भारत से बाहर रहकर अपने गिरोह के नेटवर्क को संचालित कर रहा था, जिससे वह सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

साहिल चौहान की गिरफ्तारी केंद्र सरकार की सुरक्षा एजेंसियों और हरियाणा पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद से ही उस पर अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की नजर थी। हाल ही में उसे थाईलैंड में हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद भारत सरकार ने उसके निर्वासन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराया।

शनिवार को साहिल चौहान की भारत वापसी को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। जैसे ही विमान लैंड करेगा, हरियाणा STF उसे अपनी कस्टडी में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले जाएगी। इसके बाद उसे संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस पूछताछ के लिए उसकी रिमांड मांगेगी।

सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि साहिल चौहान के पकड़े जाने से कौशल चौधरी गिरोह की कमर टूट जाएगी। यह निर्वासन उन अपराधियों के लिए एक सख्त संदेश है जो विदेश भागकर भारतीय कानून से बचने की कोशिश करते हैं। इससे पहले भी गोल्डी बराड़ और अन्य गैंगस्टरों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई के प्रयास तेज किए गए हैं।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें