
कौन हैं एलन मस्क की आधी भारतीय पार्टनर शिवोन जिलिस, कहां हुई थी मुलाकात
Who is Shivon Zillis: शिवोन जिलिस और मस्क के चार बच्चे हैं - जुड़वां बच्चे स्ट्राइडर और एज्योर, एक बेटी अर्काडिया और बेटा सेल्डन लाइकर्गस। ज़िलिस मस्क की एक कंपनी न्यूरालिंक में ‘ऑपरेशन्स और स्पेशल प्रोजेक्ट्स’ में निदेशक हैं।
SpaceX के सीईओ एलन मस्क का कहना है कि उनकी पार्टनर शिवोन जिलिस आधी भारतीय हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने यह बात कही है। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि जिलिस की परवरिश कनाडा में हुई है। इस दौरान उन्होंने भारतीयों की भी जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि भारत के लोगों के कारण अमेरिका को काफी फायदा हुआ है। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप माइग्रेशन पर रोक की बात कर रहे हैं।
कौन हैं शिवोन जिलिस
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 1986 में जिलिस का जन्म कनाडा के ओंटारियों में हुआ था। उनके पास कनाडा के साथ अमेरिका की भी नागरिकता है। उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स और फिलोसोफी की शिक्षा हासिल की है। वह साल 2008 में येल से ग्रेजुएट हो गईं थीं।
जिलिस ने करियर की शुरुआत आईबीएम से की थी और बाद में ब्लूमबर्ग बीटा का रुख किया। यहां उन्होंने इंटर्नल स्टार्टअप्स और पार्टनरशिप्स के क्षेत्र में काम किया। वह फैलो के तौर पर टोरंटो यूनिवर्सिटी की क्रिएटिव डिस्ट्रक्शन लैब को भी सेवाएं दे चुकी हैं। साल 2015 में फोर्ब्स ने उन्हें अपनी अंडर 30 सूची में भी शामिल किया था।
साल 2016 में जिलिस OpenAI से जुड़ीं। यहां वह बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में सबसे युवा सदस्य बनीं। मार्च 2023 को उन्होंने पद को अलविदा कह दिया था। खास बात है कि मस्क से उनकी मुलाकात ओपनएआई में रहने के दौरान ही हुई थी। इसके बाद वह उनके अन्य प्रोजेक्ट्स में साथ रहीं। इनमें न्यूरालिंक और टेस्ला शामिल है।
साल 2023 में वह शील्ड एआई के बोर्ड में शामिल हुईं। जिलिस और मस्क के चार बच्चे हैं - जुड़वां बच्चे स्ट्राइडर और एज्योर, एक बेटी अर्काडिया और बेटा सेल्डन लाइकर्गस। ज़िलिस मस्क की एक कंपनी न्यूरालिंक में ‘ऑपरेशन्स और स्पेशल प्रोजेक्ट्स’ में निदेशक हैं।
क्या बोले मस्क
जेरोधा को को फाउंडर निखिल कामत के पॉडकास्ट में मस्क ने कहा, 'जिलिस से मेरा एक बेटा है, उसका मध्य नाम चंद्रशेखर के नाम पर शेखर रखा गया है।' यह पूछे जाने पर कि क्या जिलिस भारत में रही हैं, इस पर मस्क ने कहा जब वह छोटी थीं तभी उन्हें गोद ले लिया गया था और वह कनाडा में पली-बढ़ी हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि उनके पिता विश्वविद्यालय में पढ़ने आए थे, या कुछ ऐसा ही रहा होगा। मुझे इसकी पूरी जानकारी नहीं है। उन्हें (जिलिस) गोद लिया गया है।'





