भााजपा विधायक देवयानी राणा ने उमर अब्दुल्ला के भाषण की उड़ा दी धज्जियां, फिर भी बजी तालियां; क्यों?
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों ने भाजपा विधायक के भाषण की खूब तारीफ की। यह हुआ विधानसभा में बजट सत्र के दौरान।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों ने भाजपा विधायक के भाषण की खूब तारीफ की। यह हुआ विधानसभा में बजट सत्र के दौरान। यह विधायक थीं, भाजपा की देवयानी राणा, जिन्होंने उमर अब्दुल्ला द्वारा पेश बजट की खूब आलोचना की थी। इसके बावजूद सत्ताधारी दल ने उनके भाषण पर तालियां बजाईं। जब देवयानी अपना भाषण देने के लिए खड़ी हुईं तो स्पीकर अब्दुल रहीम राठेर ने सदस्यों से पहली बार की विधायक का हौसला बढ़ाने के लिए कहा। इस पर नेशनल कांफ्रेंस के सदस्यों ने मेजें थपथपाईं। वहीं, भाषण खत्म होने के बाद भी माहौल कुछ ऐसा ही रहा।
कौन हैं देवयानी राणा
देवयानी राणा, दविंदर सिंह की राणा की बेटी हैं। अपने पिता की मौत के बाद वह नागरोटा विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव जीतकर विधायक बनी हैं। दविंदर सिंह राणा लंबे समय तक नेशनल कांफ्रेंस के नेता रहे। वह उमर अब्दुल्ला के बेहद करीबी और भरोसेमंद थे। हालांकि बाद में वह भाजपा में चले गए थे। अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव के ठीक बाद, राणा की मृत्यु हो गई। उमर अब्दुल्ला ने दविंदर राणा के इस्तीफे को लेकर कई बार अफसोस जताया था। उन्होंने इसे अपने राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा अफसोस भी बताया था।
राणा की मौत के बाद अब्दुल्ला ने विधानसभा में एक भावुक भाषण दिया था और राणा के साथ अपनी नजदीकी को याद किया था। यहां तक कि उप-चुनाव के दौरान जब देवयानी राणा अपने पिता की सीट पर उतरीं तो नेशनल कांफ्रेंस ने उनके खिलाफ सिंबोलिक उम्मीदवार ही उतारा था। उमर अब्दुल्ला ने भी देवयानी के खिलाफ एक शब्द तक नहीं बोला था।
सदन में रही शांति
शुक्रवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर विधानसभा में 1.13 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया। इसके अगले दिन भाजपा विधायक देवयानी राणा ने करीब 12 मिनट का भाषण दिया। इस दौरान सदन में पूरी तरह से शांति रही। देवयानी ने कुछ अहम सेक्टर्स में बजट घटाए जाने पर ऐतराज जताया। इस दौरान उन्होंने आंकड़ों के साथ सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहाकि शिक्षा, डिजास्टर मैनेजमेंट और अन्य महत्वपूर्ण सेक्टरों में बजट राशि क्यों कम की गई।
सरकारी योजनाओं पर सवाल
इसके अलावा कल्याणकारी योजनाओं पर कमियों को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। देवयानी ने कहाकि दिव्यांगों के लिए चलाई जाने वाली बसों में ऐसे मैकेनिज्म का अभाव है, जो उनके लिए मददगार हो सके। हालांकि तमाम तेवरों और सरकार के प्रति आलोचनात्मक भाषण के बावजूद, सदन में सत्तापक्ष के विधायकों ने उनके लिए जमकर तालियां बजाईं।




