चुनाव कराने में किसकी चल रही है मनमानी, आयुक्तों की तक नहीं सुनी? विपक्ष घेरने लगा
खास बात यह है कि इन तीनों चुनाव आयुक्तों को NDA सरकार ने ही चुना था। प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और विपक्ष के नेता वाली चयन समिति की सिफारिश पर इनकी नियुक्ति हुई थी।

Election Commission of India: पहले ईवीएम और अब एसआईआर, चुनाव आयोग बीते कुछ वर्षों में सुर्खियों में रहा है। हाल के दिनों में एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग की यह वोटर लिस्ट शुद्धिकरण की प्रक्रिया से सिर्फ सत्तारूढ़ दल यानी कि भाजपा और उसके सहयोगियों को लाभ मिल रहा है। विपक्ष इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हाल के दिनों में लगातार हमलावर दिखा है। इस सबके बीच अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट ने पूरे देश की सियासत को गरमा दिया है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बिहार से शुरू हुई एसआईआर की इस प्रक्रिया के दौरान अब तक देश के अलग-अलग राज्यों में 14 करोड़ से अधिक नाम वोटर लिस्ट से कट चुके हैं। इस रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है कि चुनाव आयोग के भीतर भी इस मुद्दे पर एक राय नहीं है। दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने इसको लेकर सवाल उठाए थे।
इंडियन एक्सप्रेस की इस रिपोर्ट के मुताबिक, SIR को पूरे देश में लागू करने का काम तीन आयुक्तों की देखरेख में हुआ। इनमें से सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार उन फैसलों और आदेशों पर औपचारिक रूप से आपत्ति जताई है। एक ही दिन में चार-चार बार आपत्ति दर्ज कराई गई। उनके आरोप हैं कि उनकी जानकारी के बिना ये रिपोर्ट जारी किए गए थे।
इन दोनों चुनाव आयुक्तों ने जिन मुद्दों पर आपत्ति जताई उनमें नए वोटर का रजिस्ट्रेशन, वोटर लिस्ट से नाम हटाना और वापस जोड़ना, SIR प्रक्रिया में वोटर का नाम वापस जोड़ने के आदेशों के खिलाफ अपील करना और पूरी वोटर लिस्ट की कस्टडी और सुरक्षा जैसै मुद्दे शामिल थे। इन सभी आपत्तियों की कॉपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी भेजी गई थी। दोनों ने अलग-अलग कैबिनेट सेक्रेटरी को भी पत्र लिखकर शिकायत की थी।
खास बात यह है कि इन तीनों चुनाव आयुक्तों को NDA सरकार ने ही चुना था। प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और विपक्ष के नेता वाली चयन समिति की सिफारिश पर इनकी नियुक्ति हुई थी। 2024 में संधू और ज्ञानेश कुमार को चुनाव आयुक्त बनाया गया था तब विपक्ष के सदस्य के तौर पर कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी ने नियुक्ति प्रक्रिया पर असहमति जताई थी। बाद में जब ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त बनाया तो विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी असहमति जताई थी।
अब इस मामले पर जमकर राजनीतिक बयानबाजी हो रही है। विपक्ष सत्तारूढ़ दल और चुनाव आयोग पर हमलावर है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और डीएमके जैसे दलों ने चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
चुनाव आयुक्त सही काम नहीं कर पा रहे हैं: अखिलेश
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, 'ये एक बेहद गंभीर समाचार है कि पिछले 10 महीनों में 2 चुनाव आयुक्तों ने निर्वाचन आयोग के गलत निर्णयों पर 14 बार अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। इसका सीधा मतलब ये है कि सभी चुनाव आयुक्त अपना सही काम नहीं कर पा रहे हैं। एक स्वतंत्र निकाय के सदस्यों को अगर न्यायपूर्ण कार्य करने की स्वतंत्रता नहीं है या उनकी कोई सुनवाई नहीं है तो ये लोकतंत्र के लिए बेहद घातक और खतरनाक हालात हैं। कुछ लोगों द्वारा सत्ता की कठपुतली बनकर लोकतंत्र को धोखा देना घोर संवैधानिक अपराध है। ये लोकतंत्र को मिटाने के किसी षड्यंत्र से कम नहीं है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय स्वत: संज्ञान ले!'
ज्ञानेश कुमार को बताया काला धब्बा
यूथ कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि, 'दिनदहाड़े लोकतंत्र की डकैती की ताजा तस्वीर देख लीजिए। अंजाम देने वाले हैं ज्ञानेश कुमार। बाहर वाले सवाल उठाते तो आप उन्हें झूठा बता देते। अब तो आपके साथ बैठे 2 चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 बार आपत्ति दर्ज की है। वोटर जोड़ने से लेकर नाम काटने तक, ऐसे फैसले जिनकी उन्हें जानकारी तक नहीं थी। एक कदम को रिकॉर्ड पर “unauthorised and illegal” तक कहा गया। ये किसी पार्टी का आरोप नहीं है। ये आपके अपने चुनाव आयोग के अंदर से उठे सवाल हैं। ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र के रक्षक नही, बल्कि उस पर मौजूद काला धब्बा है। Indian Express की इस रिपोर्ट के बाद एक पल भी उन्हें अब कुर्सी पर रहने का अधिकार नहीं।'
'हिंदू राष्ट्र बनाना चाहती है भाजपा'
DMK के प्रवक्ता TKS इलांगोवन ने 'इंडियन एक्सप्रेस' की उस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें कहा गया है कि दो चुनाव आयुक्तों ने SIR प्रक्रिया में गड़बड़ियों पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा, "BJP सरकार SIR के जरिए खेल खेल रही है। वे मुसलमानों को देश से हटाकर इसे हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। सरकार SIR के जरिए वोटरों के नाम नहीं हटा सकती। कोर्ट ने SIR को लेकर चुनाव आयोग की कड़ी आलोचना की है।"
आप भी भड़की
AAP ने कहा कि 'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट से पता चलता है कि तीन में से दो चुनाव आयुक्तों ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार औपचारिक रूप से आपत्ति जताई थी। उन्होंने इन कदमों को अनाधिकृत और गैर-कानूनी बताया।

