केरल के हिंदू किसे वोट देते हैं, क्यों नहीं बढ़ पा रही भाजपा; सामने आई वजह
भाजपा को साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में 1 सीट मिली है। राज्य में कुल 140 विधानसभा सीटें हैं। वहीं, बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी 3 सीटें जीतने में सफल रही थी। अब पार्टी के वरिष्ठ नेता ने केरल में भाजपा के नहीं बढ़ने की वजह बताई है।

NDA का सबसे बड़ा दल भारतीय जनता पार्टी है। भारत के अधिकांश राज्यों में उसकी सरकार है, लेकिन दक्षिण का किला अब तक पहेली बना हुआ है। इनमें भी मुख्य रूप से केरल है, जहां भाजपा पैर जमाने में असफल रही है और इक्का दुक्का सीटें ही जीत सकी है। इस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष केएस राधाकृष्णम ने खुलकर बात की है। उन्होंने बताया है कि आखिर क्यों राज्य के हिंदू मतदाता लेफ्ट के लिए वोट देते हैं।
राधाकृष्णन ने कहा कि ऐतिहासिक रूप से हिंदू समुदाय पर सीपीएम यानी भारतीय मार्क्सवादी पार्टी का राजनीतिक प्रभाव है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा कि यही वजह है कि राज्य में भाजपा खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा, 'मेरा कहना यह है कि जब एक ताकतवर हिंदू संगठन है जो हिंदू समुदाय की मांगें पूरी करता है, तो वोट पाने के लिए किसी और राजनीतिक दल को तो उनके खिलाफ लड़ना ही पड़ेगा।'
एक और वजह बताई
चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे राजनीतिक मैदान में अपनी जगह बना रही है, जिसपर पहले से ही वामपंथ का कब्जा है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम और ईसाई मतदाताओं का समर्थन नहीं मिलना एक बात है। उन्होंने कहा, 'उन्होंने कांग्रेस को अपना स्वाभाविक दल मान लिया है। हमें इन समूहों से वोट नहीं मिल रहे हैं। यही सच है।' हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया है कि आने वाले समय में पार्टी राज्य में बड़ी ताकत बनकर उभरेगी।
खास बात है कि साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने एक सीट जीती है। वहीं, साल 2016 में पार्टी को ओ राजागोपाल के रूप में पहला विधायक मिला था। हाल ही में हुए चुनावों में पार्टी के 3 विधायक विजयी हुए थे।
किसे वोट देते हैं हिंदू
भाजपा नेता हिंदुओं का समर्थन लेफ्ट को मिलने की वजह साल 1921 में हुए विद्रोह से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि उस विद्रोह ने हिंदू समुदाय के बीच जगह बनाने में मदद की। उन्होंने कहा कि 1957 में कम्युनिस्ट पार्टी की जीत को लेफ्ट की विचारधारा के रूप में देखा गया था, लेकिन ऐसा नहीं था।
उन्होंने कहा, '1921 में मुसलमानों के विद्रोह से मालाबार बुरी तरह प्रभावित हुआ था, जो हिंदुओं के नरसंहार पर खत्म हुआ। केपी केशव मेनन वाली कांग्रेस पीड़ितों की मदद नहीं कर पाई। पीड़ितों की मदद सांप्रदायिक संगठनों ने की, जिससे मालाबार के हिंदुओं और कांग्रेस के बीच दूरियां बढ़ गईं थीं।' उन्होंने कहा कि समुदाय कांग्रेस से दूर हो गया था और फिर लेफ्ट ने उनकी अगुवाई की।
साल 1950 के सबरीमाला आगजनी कांड को भी वह इसकी बड़ी वजह मानते हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद लेफ्ट की सरकार बनी और राज्य के पहले मुख्यमंत्री ईएमएस नाम्बूदिरिपद ने भरोसा दिया था कि वह हर संभव कोशिश करेंगे।
लेफ्ट में कई नेता हिंदू थे
उन्होंने कहा कि तब नाम्बूदिरिपद की अगुवाई में कई हिंदू नेता भी शामिल थे। उन्होंने कहा, 'इसकी अगुवाई नाम्बूदिरिपद कर रहे थे। एनएसएस के सचिव एमएन गोविंदन नायर थे। आर सुगथन, टीके रामकृष्णन, पी गंगाधरन और जैसे एसएनडीपी नेताओं का ग्रुप था।' भाजपा नेता ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी के संगठन में हिंदू समुदाय के भी अलग-अलग नेता थे।

