LPU में किसने की हिंसा? उपद्रवियों में दो पिज्जा डिलीवरी बॉय! पुलिस ने क्या बताया
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए छात्रों में देश के अलग-अलग राज्यों (हरियाणा, हिमाचल, जम्मू, महाराष्ट्र) के छात्र शामिल हैं।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) फगवाड़ा में 26-27 सितंबर को सोशल मीडिया पर फैली कथित दुष्कर्म की अफवाह के बाद भड़की भीषण हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हिंसा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस वाहनों में आग लगाने के आरोप में पुलिस ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीआईजी सिंगला के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 9 आरोपियों में से 7 LPU के छात्र हैं, जबकि 2 बाहरी व्यक्ति (पिज्जा डिलीवरी बॉय) हैं। पुलिस ने अब तक 20 से ज्यादा आरोपियों की पहचान कर ली है और बाकी उपद्रवियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
DIG नवीन सिंगला ने क्या कहा?
प्रेस वार्ता के दौरान जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने घटनाक्रम और पुलिसिया कार्रवाई की पूरी जानकारी साझा की।
डीआईजी सिंगला ने बताया, "LPU में इंफ्रास्ट्रक्चर को पहुंचाए गए नुकसान, लूटपाट, उपद्रव और पुलिस गाड़ियों को आग के हवाले करने के मामले में हमने दो एफआईआर दर्ज की हैं। टेक्निकल एनालिसिस, सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर अब तक 9 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।"
उन्होंने कहा, "पकड़े गए आरोपियों में 7 एलपीयू के छात्र हैं और 2 बाहरी लोग शामिल हैं। हमने लगभग 20 लोगों की पहचान कर ली है और कानून अपने हाथ में लेने वाले बाकी आरोपियों को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।"
DIG ने आगे बताया, "26 सितंबर की शाम को सोशल मीडिया पर जीएच-3 हॉस्टल में लड़की के साथ दुष्कर्म और कार्रवाई न होने की एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए, नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सुबह तक स्थिति को नियंत्रण में ले लिया था।"
डीआईजी ने स्पष्ट किया, "क्योंकि उस समय कथित पीड़िता का नाम या पहचान सामने नहीं आई थी, इसलिए अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गहराई से जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। एसआईटी छात्राओं के बयान दर्ज कर रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।"
गिरफ्तार आरोपी कौन हैं?
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए छात्रों में देश के अलग-अलग राज्यों (हरियाणा, हिमाचल, जम्मू, महाराष्ट्र) के छात्र शामिल हैं। वहीं, दो बाहरी आरोपी फगवाड़ा के ही स्थानीय निवासी हैं, जो यूनिवर्सिटी परिसर में पिज्जा डिलीवरी का काम करते हैं।
पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन दोनों ने दोहराया है कि सोशल मीडिया पर फैलाई गई दुष्कर्म और आत्महत्या की बातें पूरी तरह फर्जी और भ्रामक थीं। फिलहाल यूनिवर्सिटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं और स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।


