
दोस्त पुतिन को किस कार में बैठाकर ले गए पीएम मोदी? जानकर हैरान हो जाएंगे
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यह भारत यात्रा चार साल के अंतराल के बाद हो रही है। वर्तमान वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों में इस यात्रा को अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है…
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा के लिए राजधानी दिल्ली पहुंच गए हैं। भारत-रूस के गहरे संबंधों का प्रतीक बनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं पालम हवाई अड्डे पर पहुंचकर अपने 'खास दोस्त' पुतिन का गर्मजोशी भरा स्वागत किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रेड कार्पेट पर उतरते ही पुतिन ने अपने मित्र पीएम मोदी को देखकर सबसे पहले हाथ मिलाया और फिर गले लगाया। इस अवसर पर हवाई अड्डे पर ही रूसी राष्ट्रपति के स्वागत में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया।
पालम एयरपोर्ट पर हार्दिक मुलाकात के बाद दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर हवाई अड्डे से रवाना हुए। पीएम मोदी ने टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपने बगल में बैठाकर एयरपोर्ट से बाहर निकाला,और अपने आधिकारिक आवास लोक कल्याण मार्ग-7 ले गए। जहां रात्रिभोज का आयोजन किया गया है।

पीएम आवास में रात्रिभोज
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आयोजित निजी रात्रिभोज में दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय, द्विपक्षीय तथा वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा होने की संभावना है। रूसी राष्ट्रपति की यह भारत यात्रा चार साल के अंतराल के बाद हो रही है। वर्तमान वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों में इस यात्रा को अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शुक्रवार को शिखर बैठक
शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत होगा। इसके बाद वे सीधे राजघाट जाएंगे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। शुक्रवार को ही वे 23वीं भारत-रूस वार्षिक शिखर वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक में सुखोई-57 लड़ाकू विमानों का सौदा, एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली, तेल खरीद सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। हैदराबाद हाउस में होने वाली शिखर बैठक के बाद पुतिन और मोदी संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।





