कन्हैया कुमार कहां हैं, राहुल गांधी के साथ नेहा बोरा चल रहीं; क्या हुआ
कांग्रेस की अगुवाई में राजधानी दिल्ली में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन कन्हैया कुमार कैमरों की नजर से दूर बने हुए हैं। हालांकि, खबरें हैं कि वह सोमवार को हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। खास बात है कि AISA चीफ नेहा बोरा प्रदर्शनों का प्रमुख चेहरा बनी हुईं हैं।

कथित वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई लगातार तेज होती जा रही है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अपील के बाद इंडिया गठबंधन के साथ अब कई अन्य संगठन भी एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा हैं। बोरा पेपर लीक आंदोलन और उसके बाद लगातार युवाओं की आवाज बुंलद कर रही हैं।
INDIA गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च में नेहा बोरा भी अपने साथियों के साथ शामिल रहीं। बाराखंबा से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च के दौरान ऐसे कई मौके आए जब राहुल गांधी अपने एक हाथ में प्रियंका गांधी तो दूसरे में नेहा बोरा का हाथ थामे मार्च करते दिखे। कई बार नेहा बोरा के नारों पर प्रियंका गांधी आवाज मिलाती दिखीं। विपक्ष के प्रमुख नेताओं के लिए तैयार किए गए ट्रक पर भी नेहा नजर आईं। ऐसे में यह सवाल लाजिमी है कि कभी युवा आंदोलनों का चेहरा रहे और अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कन्हैया कुमार इन आंदोलन में नजर क्यों नहीं आ रहे हैं।
कहां हैं कन्हैया कुमार
कन्हैया कुमार बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च में शामिल थे पर वह कैमरों की चमक से दूर रहे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई के प्रभारी होने के नाते उनकी भूमिका बदल गई है। उनकी खुद मौजूदगी से अधिक एनएसयूआई की उपस्थिति आवश्यक है। कथित वोट चोरी के खिलाफ चल रहे इस आंदोलन में एनएसयूआई लगातार दिखाई दे रही है। एनएसयूआई इन मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
छात्र-नागरिक संगठनों को दी अहमियत
रणनीतिकार मानते हैं कि पेपर लीक के खिलाफ युवाओं का आंदोलन हो या वोट चोरी का मुद्दा। नेहा बोरा पूरी ताकत के साथ इन मुद्दों को लेकर लड़ती रही है। यही वजह है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के मार्च में नेहा बोरा और अन्य छात्र संगठनों के नेता और नागरिक संगठनों से जुड़े लोगों को पूरी अहमियत दी। बकौल उनके यह लड़ाई सिर्फ राहुल गांधी या अखिलेश यादव की नहीं है। यह हम सबकी लड़ाई है और अपने अधिकार के लिए हम सबको मिलकर लड़ना होगा।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत 11 नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को याचिका दायर की। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, यह याचिका शाम को दायर की गई, जिसमें 10 पार्टियों के विपक्षी नेता याचिकाकर्ता बने।
याचिका कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (पवार) की नेता सुप्रिया सुले, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) केडी राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सांसद महुआ माजी, माकपा (सीपीआई-एम) के महासचिव एम ए बेबी और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता ई टी मोहम्मद बशीर की तरफ से दायर की गई। विपक्ष ने याचिका में 10 राहत की मांग की है।
14 खामियां मिलीं
विपक्षी नेताओं की ओर से दाखिल याचिका में 14 मामूली खामियां पाई गई हैं। शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर इन खामियों की जानकारी देते हुए याचिकाकर्ताओं से इसे दूर करने के लिए कहा गया है। प्रमुख खामियों में बताया गया है कि याचिका दाखिल करने की शुल्क का कम भुगतान किया गया है। शीर्ष अदालत ने 220 रुपये का और शुल्क भी जमा करने को कहा है। इसे दूर करने के लिए 90 दिन का वक्त दिया है।

