
Imran Khan: कहां हैं इमरान खान, पाकिस्तान ने बताया; मौत की अफवाहों पर क्या बोला जेल प्रशासन
Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान अगस्त 2023 से ही जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार समेत कई मामले दर्ज हैं। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया गया था।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत की अफवाहों के बीच जेल प्रशासन का बयान सामने आया है। खबर है कि जेल प्रशासन ने सार्वजनिक रूप से बताया है कि खान ठीक हैं और अडियाला जेल में बंद हैं। बुधवार को पूर्व पाकिस्तानी पीएम की मौत की अफवाहें सामने आई थीं। इससे पहले खान की बहनों ने आरोप लगाया था कि जेल के बाहर उनकी पिटाई की गई थी।
गल्फ न्यूज के अनुसार, रावलपिंडी जेल के एक अधिकारी ने बयान जारी किया, 'उन्हें जेल से ट्रांसफर किए जाने की रिपोर्ट्स में कोई सच्चाई नहीं है।' आगे कहा गया, 'वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उन्हें पूरी मेडिकल सुविधा दीजा रही है।' अधिकारियों ने साफ किया है कि खान के स्वास्थ्य को लेकर जारी कयास निराधार हैं। साथ ही उनकी तबियत का ध्यान रखा जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि खान को जेल में वो सुविधाएं मिल रही हैं, उन्होंने हिरासत में रहने के दौरान नहीं मिली थीं। उन्होंने कहा, 'जाकर खाने का मेन्यू चेक करें, जो उनके लिए आता है। यह फाइव स्टार होटल में भी उपलब्ध नहीं है।' उन्होंने दावा किया कि खान को टीवी मुहैया कराई गई है, जिसमें वह कोई भी चैनल देख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि खान के लिए कसरत करने के लिए मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं। आसिन ने कहा, 'हम ठंडे फर्श पर सोते थे, जेल का खआना खाते थे और जनवरी में सिर्फ दो कंबल दिए जाते थे और बगैर पानी के रहते थे।'
खान अगस्त 2023 से ही जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार समेत कई मामले दर्ज हैं। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया गया था।





